लखनऊ:उप्र विधानसभा का गुरुवार से शुरू होने वाला सत्र हंगामेदार होने के आसार हैं। विपक्ष ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर सरकार को घेरने की रणनीति बनाई है। इस बीच गुरुवार सुबह समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सरकार पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया। अखिलेश यादव ने लिखा कि ये सत्र कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। सरकार को कोरोना, बेकारी-बेरोज़गारी, जातीय उत्पीड़न और बदहाल क़ानून-व्यवस्था के मोर्चे पर विपक्ष के साथ अपने लोगों के सवालों का भी जवाब देना होगा।
भाजपा सरकार की ठोको-नीति सुलह के स्थान पर ‘आंतरिक कलह’ का कारण बन गई है। गौरतलब है कि सपा ने सदन में सरकार को घेरने को लेकर काफी तैयारी की है। रणनीति बनाने के लिए गुरुवार की सुबह भी विधानसभा स्थित पार्टी विधानमंडल दल के सपा कार्यालय में बैठक बुलाई गई। बसपा ने भी अपने सदस्यों को सदन की रणनीति के बारे में जानकारी दी है। बसपा, प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति के साथ ब्राह्मण उत्पीड़न का मामला उठा सकती है।