नई दिल्ली:दिल्ली सरकार सिग्नेचर ब्रिज के बचे काम को जल्द से जल्द पूरा करना चाहती है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते दिनों दिल्ली के इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्टों की समीक्षा बैठक में सिग्नेचर ब्रिज के बाकी बचे हुए काम को जल्द से जल्द खत्म करने के निर्देश दिए हैं। दिल्ली सरकार सिग्नेचर ब्रिज पर सुरक्षित सेल्फी प्वाइंट बनाने की योजना पर काम कर रही है। इसके तहत ब्रिज के मुख्य पिलर पर सेल्फी प्वाइंट का काम पूरा हो चुका है। ब्रिज पर आने वाले पर्यटकों के लिए पार्किंग और पार्क बनाने काम जल्द पूरा होने जा रहा है। सरकार की कोशिश इस पुल पर किसी तरह के संभावित हादसों को रोकने की है। सेल्फी प्वाइंट पर लोगों के सुरक्षित तरीके से तस्वीरें खींचने से पुल पर अफरातफरी का माहौल नहीं बनेगा। ब्रिज के नजदीक बच्चों के लिए पार्क और पार्किंग का विकास किया जाए। इससे यह पर्यटन स्थल के तौर पर भी विकसित हो सकेगा।
रोशनी का अद्भुत नजारा दिखेगा
दिल्ली सरकार ने ब्रिज पर रोशनी के लिए एक विस्तृत योजना बनाई है। इस योजना पर जो कंपनी काम कर रही थी, उसने रोशनी के लिए सिस्टम लगा दिया है और ट्रायल चल रहा है, जो अंतिम चरण में है। दिल्ली सरकार ने अनुमति दी तो अगले सप्ताह से रोशनी की व्यवस्था को नियमित तौर पर शुरू कर दिया जाएगा। योजना के तहत ब्रिज के मुख्य भाग में रंग बिरंगी रोशनी की व्यवस्था की जा रही है। रोशनी के कुछ निर्धारित समय में डिजाइन बदलते रहेंगे। ब्रिज के 154 मीटर ऊंचे मुख्य पिलर पर 150 लाइटों का फोकस रहेगा। इन लाइटों को ब्रिज के पास खंभों पर लगाया गया है। इसके अलावा मुख्य पिलर के साथ लगे तारों को भी रोशनी से सजाया गया है।
रैंप बनाने के लिए कंपनी तय
पर्यटकों को मुख्य पिलर पर ले जाने के लिए ब्रिज से यमुना खादर की सतह तक रैंप बनाने का काम करने के लिए कंपनी निर्धारित हो चुका है। पार्किंग क्षेत्र और कैफेटेरिया के लिए भी कंपनी निर्धारित हो चुकी है। यह कार्य भी अब दिसंबर तक पूरा होगा। बता दें कि वजीराबाद में यमुना नदी पर बने जिस बहु-प्रतीक्षित सिग्नेचर ब्रिज का दिल्ली की जनता को पिछले 14 साल के इंतजार के बाद ठीक एक साल पहले 4 नवंबर 2018 को जनता को समर्पित किया गया था।