मुंबई:दिनभर में गिरावट के बावजूद घरेलू शेयर बाजार कारोबारी सप्ताह के आखिरी दिन शुक्रवार को बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे। बंबई स्टॉक एक्सचेंज का बीएसई 15.12 अंकों की तेजी के साथ 38,040.57 अंकों पर बंद हुआ। वहीं, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 13.90 पॉइंट के उछाल के साथ 11,214.05 पर बंद हुआ। इंट्रा-डे में बीएसई ने 38,109.68 और निफ्टी 11,231.90 पॉइंट के स्तर तक पहुंचे। इस कारोबारी सप्ताह में घरेलू शेयर बाजार लगातार दूसरे दिन बढ़त के साथ बंद हुए हैं।
बीएसई में बैंकिंग सेक्टर का हाल
बैंक | बदलाव |
आरबीएल बैंक | 9.85% |
फेडरल बैंक | 4.58% |
सिटी यूनियन बैंक | 3.36% |
इंडसइंड बैंक | 2.90% |
बंधन बैंक | 2.48% |
एचडीएफसी बैंक | 0.33% |
कोटक बैंक | 0.31% |
एक्सिस बैंक | 0.05% |
आईसीआईसीआई बैंक | -0.36% |
एसबीआई | -0.16% |
150 लाख करोड़ रुपए हुआ बीएसई का मार्केट कैप
- आज बीएसई में 2853 कंपनियों के शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 1666 कंपनियों के शेयर बढ़कर और 1037 कंपनियों के शेयर गिरकर बंद हुए।
- 189 कंपनियों के शेयरों ने 52 सप्ताह के उच्च स्तर का नया रिकॉर्ड बनाया। 68 कंपनियों के शेयरों ने 52 सप्ताह के निम्नतम स्तर का नया रिकॉर्ड बनाया।
- 376 कंपनियों के शेयरों में अपर सर्किट लगा। 200 कंपनियों के शेयरों में लोअर सर्किट लगा।
एशियाई बाजारों में गिरावट का माहौल
कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के कारण आज एशियाई बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे हैं। सिंगापुर का एसजीएक्स निफ्टी 28 अंकों की गिरावट के साथ 11,185 अंकों पर, जापान का निक्केई 144.53 अंकों की गिरावट के साथ 22,273.62 अंकों पर, हॉन्ग कॉन्ग का हैंग सैंग 397.81 अंकों की गिरावट के साथ 24,532.77 अंकों पर कारोबार कर रहे हैं। चीन का संघाई कंपोजिट 36.22 अंकों की गिरावट के साथ 3350.24 अंकों पर कारोबार कर रहा है। यूरोप के अधिकांश बाजार भी गुरुवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। हालांकि, डाउ जोंस, नैस्डैक समेत प्रमुख अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद होने में कामयाब रहे।