मुंबई:सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले की जांच कर रही बिहार पुलिस के डीजीपी गुप्तेश्वर पांडे ने हाल ही में रिया चक्रवर्ती को लेकर स्टेटमेंट दिया है। आज तक से बात करते हुए उन्होंने कहा कि रिया प्राथमिकी में आरोपी हैं और इसी वजह से पटना पुलिस उनकी तलाश कर रही है। लेकिन जिस दिन हमें सबूत मिल गए उस दिन रिया को जमीन से खोदकर भी निकाल लेंगे चाहे वह दुनिया के किसी भी कोने में छुपी हुई हों।
उन्होंने यह भी कहा कि रिया को सामने आना चाहिए और इस केस को सुलझाने में हमारी मदद करनी चाहिए। यह लुका छुपी का खेल ठीक नहीं है।
वहीं फिल्म निर्देशक रूमी जाफरी से भी एसआईटी ने बयान लिया। दरअसल, लॉकडाउन के बाद सुशांत और रिया रूमी की फिल्म में काम करने वाले थे। मार्च में उनकी बात रूमी जाफरी से हुई थी। तब सुशांत ने भी लॉकडाउन होने का हवाला दिया था। यह सुशांत और उनकी गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती की एक साथ पहली फिल्म थी। जाफरी ने बताया कि जब भी लॉकडाउन आगे बढ़ता था तो सुशांत अपसेट हो जाते थे।
रिया के कहने पर होता था हर काम
पुलिस टीम ने घर के स्वीपर से भी पूछताछ की। स्वीपर ने बताया कि रिया मैडम की इजाजत के बिना कोई भी घर में नहीं घुस सकता था। मैडम ही तय करती थीं कि सुशांत के कमरे को साफ करना है या नहीं। खासकर सुशांत के कमरे में किसी बाहरी कर्मी को जाने नहीं दिया जाता था। एक समय ऐसा आ गया, जब वे अपने ही कर्मियों से नहीं मिल पाते थे।
मोबाइल फोन स्वीच ऑफ
रिया चक्रवर्ती अपने भाई शौविक चक्रवर्ती के साथ भूमिगत हो गई हैं। सूत्रों की मानें तो दोनों का मोबाइल बंद है। ऐसे में संभावना जताई जा रही है कि पटना पुलिस की एसआईटी इनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कराए, ताकि दोनों देश से बाहर न भाग सकें। इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र भी लिख सकती है।