मुंबई:महाराष्ट्र में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के चलते बुधवार को लॉकडाउन को 31 अगस्त तक के लिए बढ़ा दिया गया। महाराष्ट्र में रोजाना हजारों की संख्या में कोरोना पॉजिटिव मरीज पाए जा रहे हैं। हालांकि, सरकार ने मिशन बिगन अगेन के तहत कुछ रियायतें देने का भी ऐलान किया है।
सरकार की ओर से जारी आदेश में लॉकडाउन को बढ़ाए जाने के साथ ही कहा गया है कि मिशन बिगन अगेन के अंतर्गत लागू पाबंदियों पर धीरे-धीरे ढील दी जाएगी। इसके साथ ही चरणबद्ध तरीके से बंद चल रही चीजों की फिर से शुरुआत होगी।
महाराष्ट्र में कोरोना वायरस का सबसे ज्यादा प्रभाव पड़ा है। राज्य में पिछले 24 घंटों के दौरान 9,211 रिकॉर्ड मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या बुधवार रात बढ़कर चार लाख के पार पहुंच गई। हालांकि, राहत की बात यह भी है कि मरीजों की रिकवरी दर में निरंतर सुधार जारी है। अब तक स्वस्थ लोगों की संख्या 2.39 लाख से अधिक हो चुकी है।