मुंबई: मंगलवार को कारोबार के दूसरे दिन बीएसई और निफ्टी गिरावट के साथ बंद हुए। आज बीएसई 176.41 अंक नीचे और निफ्टी 51.85 पॉइंट की गिरावट के साथ खुला। दिनभर की ट्रेडिंग के दौरान बीएसई में 745.55 अंक तक और निफ्टी में 222.25 पॉइंट तक की गिरावट रही है।
कारोबार के अंत में बीएसई 660.63 अंक या 1.80% नीचे 36,033.06 पर और निफ्टी 195.35 पॉइंट या 1.81% नीचे 10,607.35 पर बंद हुआ। आज बैंकिंग सेक्टर में सबसे ज्यादा 3% तक की गिरावट रही। इससे पहले सोमवार को बीएसई 99.36 अंक ऊपर 36,693.69 पर और निफ्टी 34.65 पॉइंट ऊपर 10,802.70 पर बंद हुआ था।
बीएसई में शामिल इन बैंक शेयरों में गिरावट
बैंक | गिरावट (%) |
RBL बैंक | 7.28 % |
इंडसइंड बैंक | 5.33 % |
एक्सिस बैंक | 5.08 % |
बंधन बैंक | 4.76 % |
फेडरल बैंक | 3.77 % |
स्टेट बैंक ऑफ इंडिया | 3.37 % |
बीएसई पर करीब 66 फीसदी कंपनियों के शेयरों में गिरावट रही
- बीएसई का मार्केट कैप 142 लाख करोड़ रुपए रहा
- 2,805 कंपनियों के शेयरों में ट्रेडिंग हुई। इसमें 828 कंपनियों के शेयर बढ़त में 1,855 कंपनियों के शेयर में गिरावट रही
- 130 कंपनियों के शेयर 1 साल के उच्च स्तर और 58 कंपनियों के शेयर एक साल के निम्न स्तर पर रहे
- 260 कंपनियों के शेयर में अपर सर्किट और 397 कंपनियों के शेयर में लोअर सर्किट लगा
दुनियाभर के बाजारों में रहा उतार-चढ़ाव
सोमवार को दुनियाभर के बाजारों में उतार-चढ़ाव देखने को मिला। अमेरिकी बाजार डाउ जोंस 0.04 फीसदी की बढ़त के साथ 10.50 अंक ऊपर 26,085.80 पर बंद हुआ था। वहीं, अमेरिका के दूसरे बाजार नैस्डैक 2.13 फीसदी गिरावट के साथ 226.60 अंक नीचे 10,390.80 पर बंद हुआ था। दूसरी तरफ, एसएंडपी 0.94 फीसदी गिरावट के साथ 29.82 पॉइंट नीचे 3,155.22 पर बंद हुआ था। चीन का शंघाई कम्पोसिट 0.54 फीसदी गिरावट के साथ 18.64 अंक नीचे 3,424.64 पर बंद हुआ था। इधर इटली, जर्मनी और फ्रांस के बाजार में बढ़त रही।
कोरोना से देश और दुनिया में मौतें
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 9,07,645 हो गई है। इनमें 3,11,422 की रिपोर्ट पॉजीटिव है। वहीं 5,72,112 संक्रमित ठीक हो गए हैं। देश में अब तक कोरोना से मरने वालों की संख्या 23,727 हो चुकी है। ये आंकड़े covid19india.org के अनुसार हैं। दूसरी तरफ, दुनियाभर में कोरोनावायरस से संक्रमित लोगों की संख्या 13,235,760 हो चुकी है। इनमें 575,525 की मौत हो चुकी है। अमेरिका में कोरोना से मरने वालों की संख्या 138,247 हो चुकी है।