हपाकांत:म्यांमार के काचिन राज्य में आभूषणों में इस्तेमाल होने वाले हरे पत्थर की एक खदान में बृहस्पतिवार (2 जुलाई) को भूस्खलन होने से कम से कम 162 लोगों की मौत हो गई। म्यांमार के सूचना मंत्रालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि हपाकांत में दुर्घटनास्थल से 162 शव बरामद किए जा चुके हैं। म्यांमार अग्निशमन विभाग ने यह संख्या 126 बताई है। विभाग ही यहां बचाव एवं अन्य आपात सेवा की देखरेख कर रहा है।
अग्निशमन विभाग ने एक बयान में बताया कि खदान में खनिक कीचड़ में दब गए। दुर्घटना काचिन राज्य के हपाकांत में हुई। यह क्षेत्र म्यांमार के सबसे बड़े शहर यांगून के उत्तर में है और यह विश्व का सबसे बड़ा जेड खदान उद्योग है। म्यांमार में खनन स्थलों पर इस तरह के हादसे प्राय: होते रहते हैं। 2015 में भी इसी तरह के एक हादसे में 113 लोगों की मौत हो गई थी।
मंत्रालय ने स्थानीय कर्मचारियों के हवाले से बताया कि 304 मीटर ऊंची चट्टान ढह गई है। दमकल विभाग की एक विज्ञप्ति के अनुसार मानसूनी बारिश के कारण हापाकांत शहर के साते मु गांव में जेड खनन स्थल पर स्थानीय समयानुसार आठ बजे भूस्खलन हुआ। पुलिस ने बताया कि काम करते हुए सैकड़ों की संख्या में कर्मचारी भूस्खलन में दब गए हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक हताहतों की संख्या का पता नहीं चला सका है। बचाव कार्य जारी है।