- आस्भथा को देखते हुए पुलिस ने स्थापित कराया दूसरा शिवलिंग
- अज्ञात लोगों के खिलाफ पुलिस ने दर्ज किया चोरी का मुकदमा
प्रभुनाथ शुक्ल/भदोही। लॉकडाउन में इंसान तो इंसान भगवान भी परेशान हैं। भदोही जिले के गोपीगंज में 150 साल पुराने शिव मंदिर से हौसला बुलंद चोरों ने शिवलिंग ,अर्घा और ताम्बे के शेषनाग को चुरा चोरी लिया। इस घटना के बाद भक्तों में हड़कम्प मच गया है। पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज किया है।
भदोही जिले की गोपीगंज कोतवाली के ठीक सामने यह प्रचीन मंदिर स्थापित है। रविवार की रात चोरों ने मंदिर से स्थापित शिवलिंग ,अर्घा और ताम्बे के शेषनाग को चुरा लिया। स्थानीय लोगों के अनुसार 1865 में जोगीवीर मंदिर की स्थापना हुई थी। यानी मंदिर की स्थापना को 155 वर्ष बीत गए। इस घटना से लोगों में बेहद आक्रोश है क्योंकि यह सवाल धर्म और आस्था से जुड़ा है।
गोपीगंज कोतवाली के सामने 1865 में स्थापित मंदिर से शिवलिंग की चोरी होने की सूचना पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मंदिर पर एकत्र हो गए। बाद में इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने जाँच पड़ताल शुरू कर कर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आस्था और धर्म से जुड़ा मामला होने से पुजारी से दूसरे शिवलिंग की स्थापना करा पूजा- पाठ कराया है। गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय ने बताया है कि मंदिर काफी प्राचीन है, लेकिन ज़मीन को लेकर काफी पुराना विवाद भी है। फ़िलहाल पुलिस जाँच में जुटी है।