नई दिल्ली: रोहिणी सेक्टर-15 स्थित ईएसआईसी अस्पताल में शुक्रवार को एक शर्मसार करने वाली घटना सामने आई। जहां अस्पताल के सफाईकर्मी ने इलाज के लिए भर्ती 11 साल की बच्ची के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने दुष्कर्म, अपहरण एवं पोक्सो ऐक्ट में मुकदमा दर्ज कर आरोपी सफाईकर्मी राधेश्याम को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बच्ची की हालत सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता रोहिणी में परिवार के साथ रहती है। उसके पिता निजी कंपनी में कार्यरत हैं। तबियत खराब होने के कारण बच्ची को ईएसआईसी अस्पताल स्थित बच्चों के वार्ड में भर्ती कराया गया था। गुरुवार रात को अस्पताल में बच्ची की देखरेख के लिए उसकी मां रुकी हुई थी।
बताया जाता है कि सुबह करीब साढ़े चार बजे सफाई करने के लिए 40 वर्षीय राधेश्याम आया। उसने देखा वार्ड में सभी सो रहे हैं। इस बीच बच्ची बाथरूम गई हुई थी। लौटते समय आरोपी ने बच्ची को देखा और स्टाफ रूम के बाथरूम की तरफ ले गया। जहां उसके साथ दुष्कर्म किया और बेहोशी की हालत में छोड़कर फरार हो गया। उधर, बच्ची को न पाकर उसकी मां ढूंढ़ने लगी। शक के आधार पर बच्ची की तलाश में बाथरूम में भी गई। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने बच्ची का मेडिकल कराया जहां पर दुष्कर्म की पुष्टि हुई।
संविदाकर्मी है आरोपी
जांच में पता चला कि आरोपी राधेश्याम संविदा पर इस अस्पताल में दो साल से काम कर रहा था। वह दस साल से इस पेशे में था।