मेरठ:लॉकडाउन के बीच पुलिस पर हो रहे हमलों से मेरठ में लिसाड़ी गेट क्षेत्र के लोग बेहद आहत हैं। इसके जवाब में लोगों ने गांधीगिरी के जरिए अपना विरोध जताया। लिसाड़ी गेट से लेकर भूमिया पुल तक शनिवार को पुलिस अफसरों और पूरे काफिले पर फूल बरसाए गए। तिरंगा लहराकर उन्हें सेल्यूट किया गया। साथ ही, लोगों ने कहा कि पुलिस हमारी रक्षक है, सबको सम्मान करना सीखना चाहिए।
एसएसपी अजय साहनी, एसपी सिटी अखिलेश नारायण सिंह फोर्स लेकर शनिवार दोपहर साढ़े तीन बजे लिसाड़ी गेट चौराहा पर पहुंचे। यहां सड़क किनारे और मकान की छतों पर खड़े महिला-पुरुषों ने अफसरों और जवानों पर गुलाब के फूल बरसाए। पुलिस का करें सहयोग और सम्मान भूमिया पुल पर कुछ लोगों ने एसएसपी व एसपी सिटी को बुके भेंट किया। लोगों ने कहा कि पुलिस ऐसे वक्त में भी हमारी सुरक्षा में तत्पर है। हमें भी पुलिस का सहयोग और सम्मान करना चाहिए।
इन लोगों ने मुजफ्फरनगर, सहारनपुर सहित अन्य शहरों में पुलिस पर हो रहे हमलों पर आक्रोश जताया। वहीं एसएसपी अजय साहनी ने कहा कि लॉकडाउन में पुलिस अपनी ड्यूटी पूरी शिद्दत से कर रही है। लिसाड़ी गेट के लोग पुलिस का सम्मान करने के लिए आगे आए हैं। उनकी यह पहल अच्छी है, इससे हमारे जवानों का हौसला बढ़ेगा।
पुलिस के काफिले पर लोगों ने बरसाए फूल, तिरंगा लहराकर किया सेल्यूट
Leave a comment
Leave a comment