नई दिल्ली: मरकज निजामुद्दीन में दिल्ली पुलिस और एफएसएल की टीम जांच के लिए पहुंची है। यहां से 1 अप्रैल को करीब 2 हजार 300 जमाती निकाले गए थे। इनमें से कई कोरोना संक्रमित मिले। इससे पहले ही जमात में शामिल हुए सैकड़ों लोग देश के 22 राज्यों में जा चुके थे। मरकज के मुखिया मौलाना साद और अन्य के खिलाफ महामारी अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है। साद की बेटी की शादी आज ही दिल्ली में होनी थी। न्यूज एजेंसी के मुताबिक, साद की बेटी की शादी धूमधाम से होनी थी और इसमें शामली, मुजफ्फरनगर और सहारनपुर से मेहमान आने थे। एक मेहमान ने न्यूज एजेंसी को बताया कि हमने मौलान साद से बातचीत की कोशिश की, लेकिन शायद उन्होंने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है।
जरूरी अपडेट्स
- इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मलेशियाई मूल के तब्लीगी जमात के 8 सदस्यों को इमीग्रेशन डिपार्टमेंट ने रोक लिया। वे राहत सामग्री की ढुलाई में लगे मलेशियाई विमान से अपने देश जाने की तैयारी में थे।
- केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक देश में कोरोना के कुल संक्रमितों में से 30% या तो तब्लीगी जमात से जुड़े हैं या उनके संपर्क में आए हैं। गृह मंत्रालय ने बताया कि देशभर में तब्लीगी जमात से जुड़े करीब 22 हजार लोगों को क्वारैंटाइन किया गया है।
- कोरानावायरस संक्रमितों के संपर्क में आने के बाद गृह मंत्रालय के सलाहकार के विजय कुमार और सीआरपीएफ के डायरेक्टर जनरल एपी माहेश्वरी ने खुद को क्वारैंटाइन कर लिया है। ये सभी हाल ही में कोरानावायरस संक्रमितों के संपर्क में आए थे।
- वायुसेना के 3 जवानों को भी क्वारैंटाइन किया गया है। इनमें से एक जवान मध्य मार्च में दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके में गया था, जहां उस समय तब्लीगी जमात का कार्यक्रम चल रहा था।
शामली में साद का फार्महाउस, खूंखार कुत्ते पाले, फेंसिंग में करंट रहता है
तब्लीगी जमात के मुखिया मौलाना साद का उत्तरप्रदेश में शामली जिले के कांधला में 24 बीघा में फार्महाउस है। इसके चारों ओर ऊंची दीवारें हैं। फेंसिंग में करंट दौड़ता रहता है और उसने खुंखार कुत्ते भी पाल रखे हैं। बताया जाता है कि फार्म हाउस में स्वीमिंग पूल, गेस्ट हाउस और दर्जनभर से अधिक लग्जरी कारें हैं। तब्लीगी जमात विवाद के बाद से फार्महाउस पूरी तरह से बंद हो गया है।
महाराष्ट्र में 55 और आंध्रप्रदेश में 34 नए मामले सामने आए
कोरोनावायरस फैलने की रफ्तार लगातार तेज होती जा रही है। रविवार को महाराष्ट्र में 55, आंध्रप्रदेश में 34, गुजरात में 14, हिमाचल में 7, राजस्थान में 6 और पंजाब, मध्यप्रदेश और झारखंड में 1-1 मामला सामने आया। इसके साथ ही देश में कोरोना के मरीजों की संख्या 3 हजार 798 हो गई है। शनिवार को सबसे ज्यादा 566 नए संक्रमित मिले थे। इनमें सबसे ज्यादा महाराष्ट्र में 145 रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 3 हजार 374 हो गई है। इनमें से 213 ठीक हो चुके हैं, जबकि 75 मरीजों की मौत हुई है।
प्रधानमंत्री मोदी ने 2 पूर्व राष्ट्रपतियों और 2 पूर्व प्रधानमंत्रियों से फोन पर चर्चा की
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कोरोना आपदा पर 2 पूर्व राष्ट्रपतियों प्रणब मुखर्जी और प्रतिभा पाटिल और 2 पूर्व प्रधानमंत्रियों मनमोहन सिंह और एचडी देवेगौड़ा से फोन पर चर्चा की। मोदी ने सोनिया गांधी, मुलायम सिंह यादव, अखिलेश यादव, ममता बनर्जी, नवीन पटनायक, के चंद्रशेखर राव, एमके स्टालिन और प्रकाश सिंह बादल से भी इस मुद्दे पर बात की।
6 राज्यों और 4 केंद्र शासित प्रदेशों में पहुंचा कोरोना
राज्य | कितने संक्रमित | कितनों की मौत | कितने ठीक हुए |
महाराष्ट्र | 690 | 32 | 52 |
तमिलनाडु | 485 | 3 | 8 |
दिल्ली | 445 | 7 | 16 |
केरल | 306 | 2 | 50 |
आंध्रप्रदेश | 232 | 1 | 2 |
तेलंगाना | 272 | 12 | 33 |
राजस्थान | 210 | 5 | 25 |
उत्तरप्रदेश | 234 | 2 | 21 |
कर्नाटक | 146 | 4 | 11 |
मध्यप्रदेश | 183 | 11 | 2 |
गुजरात | 122 | 11 | 17 |
जम्मू-कश्मीर | 92 | 2 | 3 |
प.बंगाल | 53 | 6 | 3 |
हरियाणा | 76 | 1 | 29 |
पंजाब | 66 | 5 | 3 |
बिहार | 32 | 1 | 3 |
चंडीगढ़ | 18 | 0 | 3 |
असम | 26 | 0 | 0 |
लद्दाख | 14 | 0 | 3 |
अंडमान-निकोबार | 10 | 0 | 0 |
उत्तराखंड | 22 | 0 | 2 |
छत्तीसगढ़ | 10 | 0 | 7 |
हिमाचल प्रदेश | 13 | 2 | 1 |
गोवा | 7 | 0 | 0 |
ओडिशा | 22 | 0 | 2 |
पुडुचेरी | 5 | 0 | 0 |
मणिपुर | 2 | 0 | 0 |
झारखंड | 3 | 0 | 0 |
मिजोरम | 1 | 0 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 0 | 0 |
*ये आंकड़े covid19india.org वेबसाइट के मुताबिक हैं। स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमितों की संख्या 3 हजार 374 हो गई है। इनमें से 213 ठीक हो चुके हैं, जबकि 75 मरीजों की मौत हुई है।