वाराणसी: कोरोनावायरस के बढ़ते संक्रमण के चलते देशभर में 21 दिनों का लॉकडाउन है। इसी बीच प्रधानमंत्री मोदी ने बुधवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी की जनता से संवाद किया। मोदी ने कहा- मां शैलपुत्री से प्रार्थना है कि कोरोना के विरूद्ध जो युद्ध देश ने छेड़ा है, उसमें हिंदुस्तान और 130 करोड़ देशवासियों को विजय हासिल हो। काशी का सांसद होने के नाते मुझे ऐसे समय आपके बीच में होना चाहिए था। लेकिन, दिल्ली में जो गतिविधियां हो रही हैं, उससे आप परिचित हैं। मैं वाराणसी के बारे में निरंतर अपडेट ले रहा हूं। महाभारत का युद्ध 18 दिन में जीता गया था। आज कोरोना के खिलाफ युद्ध पूरा देश लड़ रहा है, उसमें 21 दिन लगने वाले हैं।
मोदी ने कहा कि आज 130 करोड़ महारथियों के साथ मुझे यह युद्ध जीतना है। संकट की इस घड़ी में काशी सबका मार्गदर्शन कर सकती है। काशी का अनुभव शाश्वत, सनातन है। आज लॉकडाउन की परिस्थिति में काशी देश को संयम, समन्वय और संवेदनशीलता सिखा सकती है। साधना, सेवा और समाधान सिखा सकती है। काशी यानी शिव। शिव यानी कल्याण। महादेव की नगरी में संकट से जूझने और सबको राह दिखाने का साहस नहीं होगा तो किसमें होगा। कोरोना के लिए देशभर में व्यापक तैयारी की जा रही है। लेकिन, हम सबको यह ध्यान रखना है कि सोशल डिस्टेंसिंग, घरों में बंद रहना इस समय एकमात्र उपाय है। उन्होंने इस संवाद के लिए अपने संसदीय क्षेत्र के लोगों से ‘नरेंद्र मोदी ऐप’ के जरिए सुझाव भी मांगे थे।
मोदी ने वॉट्सऐप नंबर जारी किया
मोदी ने कोविड-19 संबंधी जानकारी के वॉट्सऐप नंबर दिया। उन्होंने कहा कि 9013151515 पर आप वॉट्सऐप करके जुड़ सकते हैं। बीमारी से जुड़ी सूचना प्राप्त कर सकते हैं।
वाराणसी के लोगों से मोदी के सवाल-जवाब:
कृष्णकांत वाजपेयी, वाराणसी- बातें हो रही हैं कि गर्मी आने से वायरस खत्म हो जाएगा?
जवाब- कई लोगों को इस बारे में गलतफहमियां हैं। मनुष्य का स्वभाव है कि जो खुद के अनुकूल हो, उसे स्वीकार कर लो। कई बार होता यह है कि अहम बातें जो प्रामाणिक होती है, उस पर लोगों का ध्यान होता ही नहीं है। इस बीमारी में जो बातें समझने वाली है, वह यह कि भेदभाव नहीं करती। यह समृद्ध देश पर भी कहर बरपाती है और गरीब पर भी। जो व्यायाम करते हैं, अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं। ये वायरस उनको भी अपनी चपेट में ले लेता है। हमें सोशल डिस्टेंसिंग पर ध्यान देना चाहिए औऱ दूरी बनाए रखना चाहिए।
देश में अब तक कोरोना से संक्रमण के साढ़े 598 मामले आ चुके हैं। जबकि, 12 की मौत हो चुकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 22 मार्च को देश की जनता से खुद पर कर्फ्यू लगाने का आह्वान किया था। जिसका लोगों ने बखूबी पालन भी किया। इसके बाद देशभर में लॉकडाउन भी किया गया। लेकिन, ऐसी तमाम तस्वीरें सामने आईं, जिसमें लोग लॉकडाउन का उलंघन करते हुए नजर आए। कमोबेश यही हालत देशभर में रहे। जिसके बाद प्रधानमंत्री ने मंगलवार रात देशभर में लॉकडाउन (कर्फ्यू जैसे हालात) की घोषणा कर दी। इससे जो जहां था, वहीं थम गया।
यूपी में कोरोना संक्रमण की ये स्थिति
उत्तर प्रदेश में कोरोनावायरस की बीमारी को आपदा घोषित कर दिया गया है। प्रदेश में अब तक संक्रमण के 38 टेस्ट पॉजिटिव आए हैं। कोरोना बीमारी इतनी तेजी से बढ़ रही है कि, बीते 24 घंटे के भीतर 5 नए केस आए। हालांकि, राहत की बात ये है कि, 11 लोग इलाज के बीच ठीक भी हो चुके हैं। लेकिन इस बीमारी से यूपी के लखनऊ, नोएडा, गाजियाबाद, आगरा जैसे 11 शहर प्रभावित हैं। यहां संक्रमण के मामले सामने आए हैं।