नई दिल्ली:रविवार को इंडिया में जनता कर्फ्यू वाले दिन शाम को बॉलीवुड सेलेब्स ने कोरोना वायरस से लड़ने वाले योद्धाओं के लिए ताली बजाई। वहीं भारत से दूर प्रियंका चोपड़ा ने भी उन योद्धाओं के लिए न्यूयॉर्क में ताली बजाई। इस वीडियो में वह अपने घर की बालकनी में खड़ी होकर तालियां बजाते हुए नजर आती हैं।
प्रियंका के इस वीडियो को शेयर करते हुए लिखा, ‘दुनिया भर के लोगों ने बालकनी में तालियां बजाकर डॉक्टर्स, नर्सों और बाकी उन सभी लोगों के लिए आभार जताया है जो कोरोना वायरस से लड़ने के खिलाफ लड रहे हैं। हालांकि मैं इस मुहिम में शामिल होने के लिए भारत नहीं आ सकती, मैं यहां से इसका हिस्सा बनी हूं’।
प्रियंका के इस वीडियो को फैन्स से काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिला है।
निक रख रहे हैं ध्यान…
प्रियंका चोपड़ा भी पति के साथ न्यूयॉर्क के अपने घर में हैं। इसी बीच प्रियंका ने निक के साथ अपनी फोटो शेयर की है जिसमें निक काउच पर बैठे हैं और प्रियंका उनकी गोद में लेटी हुई है। इस दौरान उनका डॉगी भी वही लेटा हुआ है। प्रियंका और निक इस फोटो में बहुत प्यारे लग रहे हैं।
फैन्स को दिया ये मैसेज….
प्रियंका ने हाल ही में फैन्स के साथ अपना आइसोलेशन एक्सपीरियंस शेयर करते हुए कहा, ‘मुझे उम्मीद है कि आप सभी वहां सुरक्षित होंगे। मैं वहां आना चाहती हूं और आप सभी को हैलो बोलना चाहती हूं। यह सच में बहुत परेशान करने वाला समय है। इसने हमारी जिंदगी को पूरी तरह से उलट दिया है। ऐसा लग रहा है जैसे ये किसी फिल्म का हिस्सा है, लेकिन ये है नहीं। निक और मैं लास्ट हफ्ते से घर में हैं और हमारे सेल्फ आइसोलेशन का ये 8वां दिन है।’
प्रियंका ने आगे कहा, ‘हमारे आम तौर पर शेड्यूल काफी एंटरटेनिंग होता था। हम आसपास के लोगों से घिरे होते थे। अचानक से हुए इस बदलाव ने हमें परेशान कर दिया है। मुझे यकीन है आप सभी को ऐसा फील हो रहा होगा।’
प्रियंका ने आखिर में सभी से अपील करते हुए कहा कि हमें आवश्यक एहतियात बरतने होंगे। हमें कुछ दिन तक सामाजिक दूरी बनानी होगी।