मुंबई:कोरोना के बढ़ते प्रभाव को रोकने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज देश में ‘जनता कर्फ्यू’ का आवाहन किया है। मुंबई में भी जनता कर्फ्यू को प्रभावी करने के लिए शुक्रवार से ही तैयारी जारी हैं। मुंबई में सोशल मीडिया, ऑनलाइन कम्युनिटी सर्विस और पोस्टर के माध्यम में इसको लेकर जागरूक करने का काम जारी है। हालांकि, मुंबई में शुक्रवार रात से ही दुकानें, व्यापारिक प्रतिष्ठान और प्राइवेट कंपनियों के दफ्तर बंद हैं। शनिवार को यह बंद प्रभावी भी रहा। शहर के कई इलाकों में आवश्यक सेवाओं को छोड़ सभी प्रतिष्ठान बंद रहें। जनता कर्फ्यू के दौरान लोग रविवार 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात के 9 बजे तक अपने घर में ही रहेंगे।
मुंबई का सायन स्टेशन पर पसरा सन्नाटा
जनता कर्फ्यू का असर मुंबई के सायन स्टेशन पर भी देखने को मिल रहा है। यहां स्टेशन पर लगभग न के बराबर लोग हैं। सिर्फ आरपीएफ के लोग ही नजर आ रहे हैं।
मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे हुआ सूना
देश का सबसे पहला एक्सप्रेसवे सुबह से ही सूना पड़ा हुआ है। आम दिनों में अकसर यहां 3 से 5 किलोमीटर का जाम लग जाता है। हाईवे पेट्रोलिंग की टीम के अलावा यहां कोई नजर नहीं आ रहा है।
मुलुंड
मुंबई के मुलुंड इलाके में सड़कों का ऐसा है हाल। कामकाजी दिनों में यहां ट्रैफिक रेंगता हुआ नजर आता है।
मुंबई मेट्रो वन बंद
जनता कर्फ्यू के चलते मुंबई मेट्रो वन भी बंद रहेगी। मुंबई मेट्रो वन ने ट्वीट किया, ‘कोविड 19 के खिलाफ हमारी लड़ाई और माननीय प्रधानमंत्री के जनता कर्फ्यू के आह्वान के समर्थन में मुंबई मेट्रो वन ने 22 मार्च 2020 को परिचालन निलंबित रखने का निर्णय लिया है ताकि लोग घर में रहें और जनता कर्फ्यू की अभूतपूर्व सफलता सुनिश्चित करें।
मोनो रेल सेवा भी स्थगित
देश की एक मात्र मोनो रेल सेवा भी आज बंद रहेगी। मुंबई मेट्रोपोलेटिन रीजन डेवलपमेंट अथारिटी (एमएमआरडीए) द्वारा यह बताया गया कि आज के लिए मोनोरेल सेवा निलंबित है। सरकार की सलाह के मद्देनजर मुंबई में वेस्टर्न एक्सप्रेस हाईवे पर ट्रैफिक सामान्य से कम नजर आ रहा है। हालांकि, रविवार को इसे बंद करने का कोई फैसला सरकार की ओर से नहीं लिया गया है।
राकांपा का ‘जनता कर्फ्यू’ को समर्थन
राज्य के जल संसाधन मंत्री और राकांपा नेता जयंत पाटील ने ‘जनता कर्फ्यू’ का समर्थन करते हुए लोगों से पूर्ण पालन करने की अपील की है। राकांपा नेता पाटील ने ट्वीट किया कि ‘मैं कोरोना वायरस के प्रसार को रोकने के लिए प्रधानमंत्री द्वारा की गई अपील का समर्थन करता हूं और एकजुट राष्ट्र के रूप में हम सभी को 22 मार्च को सुबह 7 बजे से रात 9 बजे तक इसका पालन करना चाहिए। कृपया यह संदेश सभी में फैलाएं और आइए हम सब साथ मिलकर कोरोना वायरस को हराते हैं।’
कई ट्रेनें हुईं रद्द, सुचारू रहेगी बेस्ट सर्विस
रेल मंत्रालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार, मुंबई में उपनगरीय ट्रेन सेवाओं को न्यूनतम स्तर तक कम किया जाएगा और केवल आवश्यक यात्रा को ही पूरा करना होगा। इनमें ज्यादातर ट्रेनें लंबी दूरी की ट्रेन हैं। लोकल ट्रेन सेवा और ‘बेस्ट’ की बस सेवा सुचारू रहेगी। हालांकि, भीड़ को देखते हुए इनकी संख्या कम-ज्यादा करने का फैसला बीएमसी की ओर से लिया जाएगा।
मुंबई में सामने आये 21 मामले
शनिवार को 10 नए कोरोना पीड़ितों के मामले सामने आने के बाद मुंबई राज्य का ऐसा सबसे बड़ा शहर बन गया,जहां सबसे ज्यादा कोरोना पीड़ित हैं। अब तक यहां 21 लोग कोरोना पॉजिटिव सामने आ चुके हैं।
कभी न रुकने वाली मुंबई हुई ठप, सड़कों पर पसरा सन्नाटा
Leave a comment
Leave a comment