नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह ने कहा है कि देश में राष्ट्रवाद के विचार और भारत माता की जय के नारे का दुरुपयोग हो रहा है। सिंह ने शनिवार को कहा कि इनके जरिए भारत में उग्र राष्ट्रवाद का विचार पैदा किया जा रहा है। ऐसा करने से देश के लाखों नागरिक अलग-थलग पड़ जाएंगे। मनमोहन सिंह ने देश के पहले प्रधानमंत्री पर लिखी गई एक किताब की लॉन्चिंग के मौके पर यह बात कही।
मनमोहन सिंह ने कहा कि अगर आज भारत को एक शानदार देश और जीवंत लोकतंत्र के तौर पर पहचाना जाता है, तो इसका श्रेय पंडित जवाहरलाल नेहरू को जाता है। अगर आज भारत दुनिया की प्रमुख शक्तियों में शामिल हैं, तो यह नेहरुजी के कारण संभव हुआ। पहले प्रधानमंत्री को इसका शिल्पी माना जाना चाहिए।
लोगों के पास इतिहास पढ़ने का धैर्य नहीं: मनमोहन
सिंह ने कहा कि नेहरू न केवल अंतरराष्ट्रीय स्तर के राजनेता थे, बल्कि उच्च स्तर के इतिहासकार और साहित्यकार भी थे। उन्होंने ऐसे समय देश का नेतृत्व किया, जब हम लोकतंत्र को अपनाने की शुरुआत कर रहे थे। वे देश के सामाजिक और राजनीतिक विचारों को बरकरार रखते हुए आगे बढ़े। आज लोगों के पास इतिहास पढ़ने का धैर्य नहीं है या कह लीजिए कि वे अपने पूर्वाग्रहों से ग्रसित हैं। आज नेहरू को झूठी रोशनी में देखने की कोशिश की जा रही है।