बेंगलुरु: भारत ने रविवार को बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे 7 विकेट से जीत लिया। तीन वनडे मैचों की सीरीज भारत ने 2-1 से अपने नाम कर ली। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ये उसकी छठी सीरीज जीत है। भारत ने पिछले साल मिली हार का बदला भी ले लिया। तब ऑस्ट्रेलियाई टीम भारत में पांच वनडे की सीरीज 3-2 से जीती थी। बेंगलुरु वनडे में रोहित शर्मा ने शतक लगाया। कोहली ने 89 रन की पारी खेली। उन्होंने कप्तान के तौर पर सबसे तेज 5000 रन पूरे किए। वहीं, रोहित ने वनडे में अपने 9 हजार रन पूरे कर लिए।
मैच में ऑस्ट्रेलिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवर में 9 विकेट पर 286 रन बनाए। उसके लिए स्टीव स्मिथ ने 131 और मार्नश लबुशाने ने 54 रन की पारी खेली। भारत ने 47.3 ओवर में 3 विकेट पर 289 रन बना लिए। रोहित शर्मा ने 119, विराट कोहली ने 89 और श्रेयस अय्यर ने 44 रन की पारी खेली।
कोहली ने धोनी का रिकॉर्ड तोड़ा
कोहली ने कप्तान के तौर पर 82वीं पारी में 5000 रन पूरे किए। इस मामले में महेंद्र सिंह धोनी (127 पारी) को पीछे छोड़ा। कोहली ने करियर का 57वां अर्धशतक लगाया। रोहित सबसे तेज 9 हजार रन बनाने वाले दूसरे भारतीय हैं। कोहली ने 194 पारियों में ऐसा किया था। वहीं, रोहित ने 217 पारी लिए।
रोहित सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले चौथे बल्लेबाज बने
बल्लेबाज | देश | शतक |
सचिन तेंदुलकर | भारत | 49 |
विराट कोहली | भारत | 43 |
रिकी पोंटिंग | ऑस्ट्रेलिया | 30 |
रोहित शर्मा | भारत | 29 |
सनथ जयसूर्या | श्रीलंका | 28 |
रोहित-कोहली ने 18वीं बार शतकीय साझेदारी की
रोहित ने करियर का 29 शतक लगाया। उन्होंने कोहली के साथ दूसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी की। दोनों ने 18वीं बार शतकीय साझेदारी की। वे शतकीय साझेदारी के मामले में तीसरे स्थान पर हैं। उनसे ज्यादा सचिन और सौरव गांगुली (26 बार) और श्रीलंका के तिलकरत्ने दिलशान और कुमार संगकारा (20 बार) हैं। रोहित ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 8 शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बने। उनसे पहले सचिन तेंदुलकर ने 9 और कोहली ने 8 शतक लगाए हैं।
धवन चोटिल, उनकी जगह राहुल ने ओपनिंग की
लोकेश राहुल 19 रन बनाकर आउट हो गए। एश्टन एगर ने उन्हें एलबीडब्ल्यू कर दिया। शिखर धवन चोट के कारण ओपनिंग करने नहीं उतरे। राहुल-रोहित ने पहले विकेट के लिए 69 रन की साझेदारी की। राहुल पहले मैच में तीसरे और दूसरे मैच में पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे थे।