मुंबई:शिवसेना नेता संजय राउत के इंदिरा गांधी की अंडरवर्ल्ड डॉन करीम लाला से मुलाकात को लेकर दिए बयान पर मचा बवाल थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में हालांकि संजय राउत सफाई दे चुके है लेकिन इसके बावजूद कांग्रेस के नेता मांग कर रहे हैं कि राउत अपना बयान वापस लें। वहीं महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने राउत के बयान पर कांग्रेस पर हमला बोला है। उन्होंने है कि क्या अंडरवर्ल्ड के सहारे कांग्रेस चुनाव जीतती थी? क्या कांग्रेस को अंडरवर्ल्ड से फंडिंग होती थी?
देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि इंदिराजी पर इतने गंभीर आरोप लगे है तो कांग्रेस मौन क्यों है। कांग्रेस को इन सब सवालों के जवाब देना चाहिए। सोनिया जी, राहुल जी और प्रियंका जी जवाब दें।
राउत ने अपनी सफाई में दिया था ये बयान
संजय राउत ने कहा है कि करीम लाला अफगानिस्तान से आए पठानों के नेता थे और उनसे बहुत से लोग मिलने जाते थे। यह मुलाकात एक पठान नेता के रूप में होती थी जिसमें वह लोगों की समस्या को जानते थे। आपको बता दें कि राउत ने बुधवार को दिए बयान में करीम लाला को अंडरवर्ल्ड डॉन बताया था। राउत ने कहा कि मैं इंदिरा, नेहरू और गांधी परिवार का हमेशा सम्मान करते हुए आया हूं। जब मैं विपक्ष में था तो उस वक्त भी मैं इंदिरा जी का सम्मान करता था। जब-जब इंदिरा गांधी पर हमला हुआ तो मैंने उनका बचाव किया था।
राउत ने इंदिरा को लेकर दिया क्या बयान जिस पर मचा है बवाल
एक कार्यक्रम में शिवसेना नेता संजय राउत ने दावा किया था कि करीम लाला, मस्तान मिर्जा उर्फ हाजी मस्तान और वरदराजन मुदलियार मुंबई के शीर्ष माफिया सरगनाओं में थे जो 1960 से लेकर अस्सी के दशक तक सक्रिय रहे। उन्होंने कहा था कि वे (अंडरवर्ल्ड) तय करते थे कि मुंबई का पुलिस आयुक्त कौन बनेगा, मंत्रालय (सचिवालय) में कौन बैठेगा। उन्होंने दावा किया कि हाजी मस्तान के मंत्रालय में आने पर पूरा मंत्रालय उसे देखने के लिए नीचे आ जाता था। इंदिरा गांधी पाइधोनी (दक्षिण मुंबई में) में करीम लाला से मिलने आती थीं। राउत की पार्टी ने पिछले साल महाराष्ट्र में राकांपा और कांग्रेस के साथ मिलकर सरकार बनायी है।
राउत ने मुंबई में अंडरवर्ल्ड के दिनों को याद करते हुए कहा कि दाऊद इब्राहिम, छोटा शकील और शरद शेट्टी जैसे गैंगस्टर महानगर और आस-पास के क्षेत्रों पर नियंत्रण रखते थे। शिवसेना के राज्यसभा सदस्य ने कहा, ”वे अंडरवर्ल्ड के दिन थे। बाद में, हर कोई (डॉन) देश छोड़कर भाग गया। अब ऐसा कुछ नहीं है। राउत ने दावा किया कि उन्होंने दाऊद इब्राहिम सहित कई गैंगस्टरों की तस्वीरें खींची। शिवसेना नेता ने यह भी दावा किया कि उन्होंने एक बार दाऊद इब्राहिम को फटकार लगाई थी। संपर्क करने पर राज्य कांग्रेस के एक प्रवक्ता ने कहा कि वह इंदिरा गांधी के बारे में राउत की वास्तविक टिप्पणियां पढ़ने के बाद ही टिप्पणी करेंगे।