धनबाद: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि नागरिकता संशोधन कानून हजार फीसदी सही है, यह कांग्रेस के कारनामे को देखकर पता चल रहा है। पूरे देश में जहां-जहां आगजनी कराई जा रही है, यह राजनीति से प्रेरित और पूरी तरह प्रायोजित है। आग लगाने वाले कैसे कपड़े पहने हैं, क्या बातें कर रहे हैं, यह देखकर कोई भी पता कर सकता है कि आखिर ये कौन लोग हैं। पीएम मोदी ने झारखंड के दुमका में रविवार को एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा कि पहले जो खेल पाकिस्तान के पैसे से हो रहा था, वही खेल अब कांग्रेस करवा रही है। नागरिकता कानून के विरोध पर उन्होंने नार्थ ईस्ट की शांति का हवाला देते हुए कहा कि जो लोग, जिस तरीके से इसका विरोध कर रहे हैं, उससे जरा भी शक नहीं बचा कि यह पूरी तरह सही दिशा में उठाया गया एक सराहनीय कदम है।
सत्ता में वापसी की पुरजाेर कोशिश कर रही भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक पीएम मोदी आज झारखंड के चुनावी रण में हैं। झारखंड विधानसभा चुनाव के पांचवें चरण के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जनसभा दुमका में हो रही है। यहां अपने चहते पीएम को सुनने हजारों की भीड़ पहुंची है। आज दुमका से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब संताल परगना में भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में चुनाव प्रचार का आगाज कर रहे हैं। एयरपोर्ट मैदान में जनसभा में लोगों का हुजूम अपने चहेते पीएम को सुनने पहुंचा है।