नईदिल्ली: रानी झांसी रोड इलाके में अनाज मंडी स्थित स्कूल बैग बनाने की फैक्ट्री में रविवार सुबह 5.22 बजे आग लग गई। हादसे में 43 लोगों की मौत हो गई। दिल्ली दमकल विभाग के मुख्य अफसर अतुल गर्ग ने बताया कि अब तक हम 50 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाल चुके हैं। ज्यादातर लोग धुएं की वजह से प्रभावित हैं। जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री में 59 लोग मौजूद थे, जिनमें से अधिकांश मजदूर थे।
एक व्यक्ति ने बताया- मेरे 2 भतीजे फैक्ट्री में काम करते थे। उनके बारे में कुछ पता नहीं है। यहां 12-15 मशीनें लगी हुई थीं। डिप्टी फायर चीफ ऑफिसर सुनील चौधरी ने बताया- आग 600 स्क्वेयर फीट के प्लॉट में लगी है। यह एक फैक्ट्री है। वहां स्कूल बैग्स, बॉटल और अन्य मटैरियल रखे हुए थे।
डॉक्टरों की टीम घायलों की देखरेख कर रही है
दमकल विभाग के मुताबिक, 30 दमकल की गाड़ियां आग बुझाने के लिए मौके पर मौजूद हैं। वहीं, लोकनायक अस्पताल के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉक्टर किशोर कुमार ने कहा कि हमें अब तक 14 शव मिल चुके हैं, डॉक्टरों की टीम लगातार घायलों की देखरेख कर रही है।
हादसे के जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होगी: मंत्री
- प्रधानमंत्री मोदी का ट्वीट- हादसा भयावह है। घायलों की जल्द से जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।
- केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का ट्वीट- समस्त संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि तत्काल आवश्यक कदम उठाएं।
- राहुल गांधी का ट्वीट- दिल्ली की अनाज मंडी में, भीषण आग से कई मौत और अनेक लोगों के घायल होने की खबर से आहत हूं। घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का ट्वीट- बचावकार्य जारी है। घायलों को अस्पताल ले जाया गया है।
- मंत्री इमरान हुसैन का ट्वीट- यह हादसा दुर्भाग्यपूर्ण है। इसकी जांच की जाएगी। इसके जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।