तिरुवनंतपुरम :कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने संसदीय क्षेत्र वायनाड के दौरे पर हैं। उन्होंने शनिवार को एक कार्यक्रम में कहा कि देश में महिलाओं से जुड़े अपराध तेजी से बढ़ रहे हैं। भारत दुनिया में दुष्कर्म की राजधानी कहा जाने लगा है। दूसरे देश पूछ रहे हैं कि हम अपनी बेटियों और बहनों को सुरक्षा क्यों नहीं दे पा रहे हैं। उत्तर प्रदेश का एक भाजपा विधायक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म में शामिल है। लेकिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस पर एक शब्द नहीं बोलते हैं।
राहुल ने कहा कि देश में अल्पसंख्यक समुदायों के खिलाफ हिंसा बढ़ रही है। उनके खिलाफ नफरत फैलाई जा रही है। दलितों को पीटा जा रहा है, उनकी बाहों को काटा जा रहा है। आदिवासियों पर अत्याचार हो रहे हैं, उनकी जमीनें छीनी जा रही है। देश में अपराध बढ़ रहा है। हम रोज दुष्कर्म और छेड़छाड़ की खबरें पढ़ते हैं।
देश चलाने वाले आंखें बंदकर सत्ता में भरोसा करते हैं: राहुल
उन्होंने कहा कि हमारा संस्थागत ढांचा नाटकीय रूप से टूट रहा है। इसका बड़ा कारण है, लोग कानून अपने हाथ में ले रहे हैं। ऐसा इसलिए है, क्योंकि इस देश को चलाने वाले लोग आंखें बंदकर सत्ता और हिंसा में भरोसा करते हैं। उन्हें लगता है कि सारी ताकतें उन्हीं के हाथ में हैं।