नई दिल्ली: विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रवीश कुमार ने शुक्रवार को कहा कि नित्यानंद का पासपोर्ट रद्द कर दिया है। उसके नए पासपोर्ट का आवेदन भी खारिज कर दिया गया है। विदेश मंत्रालय ने अपने सभी दूतावासों और उच्चायोग को भी इस बारे में जानकारी दी है। अभी नित्यानंद कहां है? इस बारे में कुछ भी नहीं कहा जा सकता।
कर्नाटक में दर्ज दुष्कर्म के एक मामले में नित्यानंद वांछित है। गुजरात के आश्रम में लड़कियों के शोषण और बच्चों को बंधक बनाकर रखने के मामले में भी पुलिस उसे तलाश रही है। वह देश से फरार हो चुका है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार नित्यानंद ने दक्षिण अमेरिका के इक्वाडोर में एक द्वीप खरीद लिया है। वह इन दिनों वहीं रह रहा है। उसने इसे ‘कैलासा’ नाम दिया है।
गुजरात पुलिस ने नित्यानंद को ढूंढने में सीआईडी की मदद मांगी
अहमदाबाद ग्रामीण पुलिस ने राज्य क्रिमिनल इन्वेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (डिपार्टमेंट) को पत्र लिखकर नित्यानंद को ढूंढ़ने के लिए कहा है। अहमदाबाद पुलिस ने कहा कि सीआईडी इंटरपोल की नोडल एजेंसी है। हमने नित्यानंद का पता लगाने के लिए उसकी मदद ली है। सीआईडी के अनुरोध पर इंटरपोल जल्द ही नित्यानंद के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी करेगा।
इक्वाडोर सरकार ने नित्यानंद को शरण देने से इनकार किया
इसी बीच इक्वाडोर सरकार ने कहा है कि उसने नित्यानंद को शरण नहीं दी। इक्वाडोर दूतावास ने शुक्रवार को कहा कि स्वयंभू संत नित्यानंद को हमारे देश ने शरण नहीं दी। हमने उसे दक्षिण अमेरिका में द्वीप खरीदने में भी मदद नहीं की। उसे हमारे देश में शरण देने की खबरों का हम खंडन करते हैं। दूतावास ने कहा- नित्यानंद ने शरण मांगी थी लेकिन उसे अनुमति नहीं दी गई।