चित्रकूट: शादी समारोह में डांस करना बंद करने पर युवती को गोली मार दी गई। घटना 1 दिसंबर की है। इस दिन मऊ थाना क्षेत्र के टिकरी गांव में ग्राम प्रधान की बेटी की शादी हो रही थी। घटना के बाद डांसर लखनऊ के एक अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर है। दरअसल, डांसर ने तबियत बिगड़ने पर डांस करना बंद किया था। डांसर को गोली मारने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
घटना का वीडियो शुक्रवार को सामने आया
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा घटना का वीडियो करीब 1 मिनट का है। इसमें डांसर के नाचना बंद करने पर एक व्यक्ति कह रहा है- गोली चल जाएगी। उसका समर्थन करते हुए दूसरा व्यक्ति कहता है- सुधीर भैया आप गोली चला ही दो। इसके बाद डांसर को गोली मार दी गई। गोली उसके चेहरे पर लगी।
प्रधान के परिवार में से किसी ने गोली चलाई
पुलिस अधिकारी अंकित मित्तल ने कहा- 1 दिसंबर को टिकरी गांव में ग्राम प्रधान सुधीर सिंह पटेल की बेटी की शादी हो रही थी। फायरिंग के समय दूल्हे के मामा मिथिलेश और अखिलेश भी मंच पर मौजूद थे। छर्रे लगने से ये दोनों भी घायल हो गए। ग्राम प्रधान के परिवार के सदस्यों में से किसी ने युवती को गोली मारी। दूल्हे के मामा राम प्रताप ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। अभी तक आरोपियों को पकड़ा नहीं जा सका है।