महाराष्ट्र में तीन दिनों से चल रही राजनीतिक उठापटक और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के इस्तीफे के बाद एक बार फिर ये चर्चा होने लगी कि किसकी सरकार सबसे कम समय तक रही? किन राजनीतिक परिस्थितियों की वजह से मुख्यमंत्री को इस्तीफा देना पड़ा। अलग-अलग प्रदेशों के लगभग एक दर्जन नेता ऐसे रहे जो कुछ दिन या कुछ घंटे तक ही अपने प्रदेश के सीएम रह पाए उसके बाद उनको इस्तीफा देना पड़ा। यूपी के सीएम जगदंबिका पाल ही अकेले ऐसे नेता रहे जिनका कार्यकाल मात्र 24 घंटे ही रहा था।
कर्नाटक में इसी साल फ्लोर टेस्ट
कर्नाटक के वर्तमान मुख्यमंत्री बीएस येदियुरप्पा को पिछले साल (2018) मई में फ्लोर टेस्ट का सामना करना पड़ा था। फ्लोर टेस्ट में बहुमत साबित न करने की वजह से वो महज तीन दिन ही कर्नाटक के सीएम रह पाए थे। येदियुरप्पा के अलावा देश में कई ऐसे मुख्यमंत्री रहें जिनका कार्यकाल सबसे छोटा था। इस लिस्ट में जगदंबिका पाल का नाम सबसे ऊपर आता है, जो महज 24 घंटे के लिए मुख्यमंत्री बने थे। 1998 में कल्याण सिंह सरकार की बर्खास्तगी के बाद पाल को 21 फरवरी की देर रात मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ दिलायी गई थी। लेकिन अगली ही सुबह इलाहाबाद हाई कोर्ट ने इस फैसले को पलट दिया और उन्हें एक दिन का मुख्यमंत्री कहा जाने लगा।
देवेंद्र फडणवीस के शपथ लेने के बाद गरमाई राजनीति
महाराष्ट्र में देवेंद्र फड़नवीस को मुख्यमंत्री और अजित पवार को उपमुख्यंत्री पद का शपथ ग्रहण करने के बाद सूबे की यहां की सियासत गरमा गई। राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी ने देवेंद्र फड़नवीस को 30 नवंबर तक बहुमत साबित करने का समय दिया था मगर शिवसेना और अन्य पार्टियों के लोग कोर्ट चले गए। कोर्ट ने 24 घंटे में अपना बहुमत साबित करने का समय दिया, इसी बीच डिप्टी सीएम अजीत पवार ने अपना इस्तीफा दे दिया। उनके इस्तीफा देने के बाद बीजेपी के पास बहुमत के लिए पर्याप्त नंबर नहीं रह गए। तब सीएम देवेंद्र फडणवीस ने भी इस्तीफा दे दिया।
इन मुख्यमंत्रियों का कार्यकाल सबसे छोटा था:-
मुख्यमंत्री का नाम साल समय (कितने दिन तक रहे मुख्यमंत्री) राज्य
जगदंबिका पाल 1998 24 घंटे (1 दिन तक) उत्तर प्रदेश
बीएस येदियुरप्पा (बीजेपी) 2018 3 दिन कर्नाटक
बीएस येदियुरप्पा (बीजेपी) 2007 8 दिन कर्नाटक
सतीश प्रसाद सिंह 1968 5 दिन बिहार
शिबू सोरेन (झामुमो) 2005 9 दिन झारखंड
बी पी मंडल 1968 31 दिन बिहार
ओम प्रकाश चौटाला 1990 5 दिन हरियाणा
ओम प्रकाश चौटाला 1991 4 दिन हरियाणा
एस सी मराक 1998 3 दिन मेघालय
जानकी रामचंद्रन 1988 23 दिन तमिलनाडु
सी एच मोहम्मद कोया 1979 45 दिन केरल
फडणवीस का नाम भी हुआ शामिल
फिलहाल सीएम पद की शपथ लेकर इस्तीफा देने वालों में फडणवीस का भी नाम शामिल हो गया है। देवेंद्र का सीएम पद की शपथ लेने का कार्यक्रम भी अचंभा करने वाला था। किसी को भी उम्मीद नहीं थी कि वो अचानक से शपथ ले लेंगे। शपथ लेने के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में भूचाल आ गया था, उसके बाद पार्टियां कोर्ट गईं और वहां से फ्लोर टेस्ट कराने का फैसला सुनाया गया, उसी के बाद सीएम और डिप्टी सीएम ने इस्तीफा दिया और उनका नाम सबसे कम समय तक रहने वाले मुख्यमंत्री के तौर पर दर्ज हो गया। फडणवीस दूसरी पारी में मात्र 81 घंटे ही सीएम रह पाए। उन्होंने मंगलवार की शाम को इस्तीफा दे दिया।