नई दिल्ली:दिल्ली की सभी जिला अदालतों के वकील शनिवार को अपनी 13 दिन की हड़ताल को खत्म कर के काम पर फिर से लौटेंगे। बता दें कि 2 नवंबर को तीस हजारी में पुलिस और वकीलों के बीच संघर्ष हुआ था। हिंसक झड़प के बाद इसके विरोध में सैकड़ों पुलिसकर्मियों ने पुलिस मुख्यालय के बाहर प्रदर्शन भी किया था।
सामान्य समन्वय समिति सभी जिला न्यायालय दिल्ली के महासचिव धीर सिंह कसाना ने कहा कि-“हम माननीय उच्च न्यायालय के आदेश का सम्मान करते हैं, इसलिए काम से परहेज निलंबित है। शनिवार से काम फिर से शुरू किया जाएगा। सहयोग के लिए हम सभी सदस्यों को धन्यवाद देते हैं। अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम के लिए हमारी लड़ाई जारी रहेगी।’
बता दें कि बीते 3 नवंबर को दिल्ली की तीस हजारी अदालत में पार्किंग के विवाद को लेकर वकीलों व पुलिस के बीच संघर्ष हो गया था। इसमें एक वकील को गोली भी लगी थी। इस दौरान कचहरी परिसर में 17 वाहनों में तोड़फोड़ की गई। घटना के विरोध में दिल्ली की सभी अदालतों में वकीलों ने हड़ताल कर दी थी।