इंदौर:भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ पहले टेस्ट में इंदौर के होलकर स्टेडियम में पहली पारी में 6 विकेट पर 493 रन बना लिए। शुक्रवार को मयंक अग्रवाल अपने 8वें टेस्ट में करियर का दूसरा दोहरा शतक लगाकर आउट हुए। उन्होंने 330 गेंद पर 243 रन की पारी खेली। अजिंक्य रहाणे ने 86, चेतेश्वर पुजारा ने 54 और रविंद्र जडेजा ने नाबाद 60 रन की पारी खेली। बांग्लादेश की ओर से सबसे ज्यादा अबु जायेद ने 4 विकेट लिए। इससे पहले बांग्लादेश पहली पारी में 150 रन पर सिमट गई। इस लिहाज से भारत ने 343 रन की बढ़त बना ली।
मयंक को मेहदी हसन ने अपनी गेंद पर अबु जायेद के हाथों कैच आउट कराया। मयंक ने जडेजा के साथ पांचवें विकेट के लिए 123 रन की साझेदारी की। रहाणे करियर का 21वां अर्धशतक लगाकर आउट हुए। उन्हें जायेद ने तैजुल इस्लाम के हाथों कैच कराया। कप्तान विराट कोहली शून्य पर अबु जायेद ने एलबीडब्यू किया। भारत के शुरुआती तीनों विकेट जायेद ने लिए। चेतेश्वर पुजारा अपने टेस्ट करियर का 23वां अर्धशतक लगाकर आउट हुए। उन्हें जायेद ने सैफ हसन के हाथों कैच आउट कराया।
मयंक का पिछली पांच पारियों में दूसरा दोहरा शतक
भारतीय ओपनर मयंक ने दोनों दोहरे शतक उन्होंने पिछली पांच पारियों में लगाए हैं। मयंक ने पिछला दोहरा शतक इसी साल अक्टूबर में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ विशाखापट्टनम में लगाया था। उन्होंने यह दोनों शतक घरेलू मैदान पर और टेस्ट की पहली पारी में लगाए हैं।