रांची:भारत और दक्षिण अफ्रीका की बीच तीन टेस्ट की सीरीज का आखिरी मैच रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जा रहा है। भारत ने टेस्ट के दूसरे दिन रविवार को 9 विकेट पर 497 रन बनाने के बाद पहली पारी घोषित की। वहीं, दक्षिण अफ्रीका के लिए दूसरी पारी में जुबैर हम्जा और फाफ डुप्लेसिस बल्लेबाजी कर रहे हैं। बारिश के कारण चायकाल के बाद खेल रोक दिया गया। भारतीय टीम खेल रुकने तक पहली पारी में 488 रन आगे है।
मोहम्मद शमी ने अफ्रीकी टीम को पहला झटका देते हुए डीन एल्गर को आउट किया। एल्गर खाता खोले बगैर साहा को कैथ थमा बैठे। क्विंटन डीकॉक 4 रन बनाकर आउट हुए। उमेश यादव की गेंद पर साहा ने उनका कैच लिया। इससे पहले भारत के लिए रोहित शर्मा ने सबसे ज्यादा 212 रन बनाए। अजिंक्य रहाणे ने 115 और रविंद्र जडेजा ने 51 रन की पारी खेली। रोहित ने टेस्ट करियर का पहला दोहरा शतक लगाया।
रहाणे-रोहित ने 267 रन की साझेदारी की
रहाणे करियर का 11वां शतक लगाया आउट हुए। उन्होंने रोहित के साथ चौथे विकेट के लिए 267 रन की साझेदारी की। रहाणे ने घरेलू मैदान पर तीन साल बाद शतक लगाया। उन्होंने पिछला शतक इंदौर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अक्टूबर 2016 में लगाया था। उमेश यादव ने 31 और ऋद्धिमान साहा 24 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका के लिए जॉर्ज लिंडे ने 4 और कगिसो रबाडा ने 3 विकेट लिए।
रोहित द. अफ्रीका के खिलाफ सीरीज में 500+ रन बनाने वाले पहले भारतीय
रोहित दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक सीरीज में सबसे ज्यादा 500+ रन बनाने वाले पहले भारतीय बन गए। उनसे पहले पूर्व कप्तान मो. अजहरुद्दीन ने 1996-97 में घरेलू सीरीज में ही 388 रन बनाए थे। रोहित किसी भी एक टेस्ट सीरीज में 500+ रन बनाने वाले पांचवें भारतीय बने। इससे पहले वीनू मांकड़, बुधी कुंदरन, सुनील गावस्कर और वीरेंद्र सहवाग ऐसा कर चुके।
पहली बार एक सीरीज में तीन भारतीयों ने दोहरे शतक लगाए
भारत के लिए किसी एक टेस्ट सीरीज में पहली बार तीन खिलाड़ियों ने दोहरे शतक लगाए गए हैं। इस सीरीज में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में मयंक अग्रवाल ने 215, दूसरे टेस्ट में विराट कोहली ने 254 और तीसरे टेस्ट की पहली पारी में रोहित ने 212 रन की पारी खेली। इससे पहले 1955-56 में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत के वीनू मांकड़ ने 2 और पॉली उमरीगर ने एक दोहरा शतक लगाया था।