नई दिल्ली: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के बाद रविवार को पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल पर निशाना साधा। गोयल ने नोबेल विजेता अर्थशास्त्री अभिजीत बनर्जी को वामपंथी विचारधारा की तरफ झुकाव रखने वाला बताया था। इस पर राहुल ने कहा कि ये बड़े लोग नफरत में अंधे हो गए हैं। इन्हें पता नहीं है कि प्रोफेशनलिज्म क्या होता है?
नोबेल विजेता बैनर्जी ने शनिवार को एक टीवी चैनल से कहा कि वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री गोयल मेरे प्रोफेशनलिज्म पर सवाल उठा रहे हैं। इसके बाद राहुल ने ट्वीट किया- आप दशकों तक इन्हें समझाने का प्रयास करें, लेकिन पेशेवर होना क्या है, इन लोगों को नहीं समझा सकते हैं। राहुल ने बैनर्जी को संबोधित करते हुए कहा कि आप निश्चित रहें, लाखों भारतीयों को आपके काम पर गर्व है।
पीयूष गोयल ने शुक्रवार को कहा था कि अभिजीत बनर्जी कांग्रेस की न्याय योजना का समर्थन करते हैं, जिसे भारतीय मतदाताओं ने लोकसभा चुनाव में अस्वीकार कर दिया था। ऐसे में वह क्या सोचते हैं? उसे स्वीकार करने की आवश्यकता नहीं है।
‘सरकार अर्थव्यवस्था में सुधार लाए, कॉमेडी सर्कस न चलाए’
प्रियंका गांधी ने केंद्रीय मंत्री के बयान पर कहा था कि भाजपा नेता अपना काम करने के बजाए लोगों की उपलब्धियों को झूठा साबित करने में लगे रहते हैं। नोबेल विजेता ईमानदारी से अपना काम करते हैं और नोबेल पुरस्कार पाते हैं। अर्थव्यवस्था नीचे जा रही है। आपका काम इसमें सुधार लाना है, कॉमेडी सर्कस चलाना नहीं।