पानीपत:टिकट बंटवारे से नाराज चल रहे कांग्रेस हरियाणा प्रदेश इकाई के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर ने शनिवार को पार्टी से इस्तीफा दे दिया। तंवर ने एक ट्वीट में यह जानकारी दी। उन्होंने लिखा, “पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ लंबे विचार विमर्श के बाद मैंने कांग्रेस की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। इस्तीफे का कारण सभी कांग्रेसजनों और जनता को मालूम है।” गौरतलब है कि उन्होंने पिछले दिनों राज्य में आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी में टिकट बेचे जाने का आरोप लगाया था। आपको बता दें कि गुरुवार को विधानसभा चुनाव के लिए बनी विभिन्न समितियों से इस्तीफा दे दिया था और आरोप लगाया था कि हरियाणा कांग्रेस अब ‘हुड्डा कांग्रेस बनती जा रही है।
तंवर ने गुरुवार को हरियाणा में टिकट बंटवारे में अपने समर्थकों की अनदेखी पर नाराजगी व्यक्त करते हुए विधानसभा चुनाव के लिए बनी विभिन्न समितियों से इस्तीफा दे दिया था। हालांकि कहा था कि वह पार्टी के सामान्य कार्यकर्ता की तरह काम करते रहेंगे। वह चुनाव के लिए बनी प्रदेश चुनाव समिति सहित कई समितियों में शामिल थे।
उन्होंने कहा, “देश में लोकतंत्र है, लेकिन हरियाणा में बड़े-बड़े राजघराने हैं। कुछ हमारी पाटीर् में हैं और कुछ लोग दूसरी पार्टी में हैं। मेरे खिलाफ असहयोग आंदोलन चलाया गया, इसके बावजूद लोकसभा चुनाव में छह फीसदी वोट बढ़ा।” उन्होंने दावा किया कि हरियाणा कांग्रेस अब’हुड्डा कांग्रेस’बनती जा रही है। उन्होंने संवाददाताओं से बात करते हुए कहा था कि उन्हें पिछले दो महीने में छह बार भारतीय जनता पाटीर् से बुलावा आ चुका है।
तंवर ने गुरुवार को यहां संवाददाताओं से कहा कि उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को पत्र लिखकर कहा कि उन्हें समितियों से मुक्त किया जाए और वह सामान्य कार्यकर्ता की तरह पार्टी के लिए काम करते रहेंगे। वह चुनाव के लिए बनी प्रदेश चुनाव समिति सहित कई समितियों में शामिल थे। उन्होंने कहा था कि आप सभी जानते हैं कि हरियाणा में विधानसभा चुनाव है। पिछले पांच साल का घटनाक्रम सबके सामने है। पार्टी के अंदर ऐसी ताकतें हैं जिन्होंने पार्टी को लगातार कमजोर किया। जमीन से जुड़े नेताओं को काम करने से रोका।
तंवर ने टिकट बंटवारे में मेहनती कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि यह बताया जाए कि किन मापदंडों के आधार पर टिकट दिए गए हैं। राज्य की सभी 90 विधानसभा सीटों के लिए 21 अक्टूबर को मतदान और 24 अक्टूबर को मतगणना होगी।