नई दिल्ली: मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को दिल्ली में सोनिया गांधी से मुलाकात की। प्रदेश में अध्यक्ष पद पर खींचतान के बीच उन्होंने कहा कि मुझे नहीं लगता कि ज्योतिरादित्य सिंधिया नाराज हैं। वह पार्टी के साथ हैं।
कमलनाथ ने कहा, “सोनिया गांधीजी से प्रदेश संगठन सहित कई मसलों पर अच्छी बातचीत हुई। लोकसभा चुनाव के बाद निश्चित ही प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया जाना चाहिए था। मैंने उनसे यह बात कई बार कही है। इस बार भी उनके समक्ष यह मुद्दा रखा है।”
मैं सभी के साथ काम करने को तैयार: कमलनाथ
कमलनाथ से सिंधिया के अन्य विकल्पों के बारे में विचार करने की खबरों के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मुझे नहीं लगता की यह खबरें सही हैं। मुझे यह भी नहीं लगता कि वह किसी से भी नाराज हैं। जो भी प्रदेश अध्यक्ष के तौर पर नियुक्त होगा, मैं उसके साथ काम करने के लिए तैयार हूं।”
दतिया जिला अध्यक्ष ने दी इस्तीफे की धमकी
मध्यप्रदेश में अध्यक्ष पद के लेकर पार्टी की आतंरिक कलह बाहर आने लगी है। शुक्रवार को दतिया के जिला कांग्रेस अध्यक्ष अशोक दांगी ने सिंधिया को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की। उन्होंने कहा है कि अगर ऐसा नहीं होता है तो वह अपने 500 समर्थकों के साथ पार्टी से इस्तीफा दे देंगे। इसके पहले मुरैना के जिला अध्यक्ष राकेश मवई भी सिंधिया को प्रदेश अध्यक्ष न बनाए जाने पर कांग्रेस छोड़ने की धमकी दे चुके हैं।
अजय सिंह के घर पर भी जुटे थे विधायक
इससे पहले बुधवार को कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अजय सिंह के निवास पर 25 से ज्यादा विधायक जुटे थे। वह सिंह को प्रदेश अध्यक्ष बनाने की मांग कर रहे हैं। दिग्विजय सिंह को भी अंदर खाने प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की मांग की जा रही है।
लोकसभा चुनाव में प्रदेश की 29 में से 28 लोकसभा सीटें भाजपा ने जीती थीं। इसके बाद से ही पीसीसी चीफ बदलने की मांग उठने लगी थी। खुद प्रदेश के मुख्यमंत्री और पीसीसी चीफ कमलनाथ ने दिल्ली जाकर इस्तीफे की पेशकश की थी। लेकिन अब तक नए अध्यक्ष का नाम तय नहीं हो पाया है।
सोनिया गांधी से मुलाकात के बाद कमलनाथ बोले- मुझे नहीं लगता ज्योतिरादित्य सिंधिया नाराज हैं
Leave a comment
Leave a comment