एंटीगुआ: दो टेस्ट की सीरीज के पहले टेस्ट में भारत ने वेस्टइंडीज को 318 रनों से हरा दिया। रनों के अंतर से विदेशी जमीन पर यह टीम इंडिया की सबसे बड़ी जीत है। वेस्टइंडीज के खिलाफ भी उसे टेस्ट की सबसे बड़ी जीत मिली। भारत की जीत के हीरो रहे इशांत शर्मा, अजिंक्य रहाणे और जसप्रीत बुमराह। रहाणे (102 और 81 रन) दोनों पारियों में टीम के हाईएस्ट स्कोरर रहे। वहीं इशांत शर्मा ने मैच में कुल 8 विकेट हासिल किए। चौथी पारी के हीरो रहे जसप्रीत बुमराह, जिन्होंने 7 रन देकर 5 विकेट लिए और टीम को चौथे दिन ही जीत दिला दी। यह उनके करियर की चौथी 5 विकेट हॉल है।
रहाणे बने मैन ऑफ द मैच
पहली पारी में भारतीय टीम ने 297 रन बनाए थे। वेस्टइंडीज 222 रन पर ऑलआउट हो गई थी। इस लिहाज से भारत को विंडीज टीम पर 75 रन की बढ़त मिल गई थी। दूसरी पारी में भारत ने 7 विकेट खोकर 343 रन बनाए और विंडीज को 419 रन का लक्ष्य दिया। रहाणे ने इस पारी में पहले कोहली और फिर हनुमा विहारी के साथ शतकीय साझेदारियां कीं। रहाणे ने मैच में 10वां शतक लगाया। उन्हेें मैन ऑफ द मैच चुना गया। विहारी ने 93 रन और कोहली ने 51 रन बनाए।
रोच और कमिंस ने आखिरी विकेट के लिए की 50 की साझेदारी
419 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के 9 विकेट 50 रन के अंदर ही गिर गए। हालांकि, केमार रोच और मिगेल कमिंस ने टीम का स्कोर 100 रन तक पहुंचाया। बुमराह ने सलामी बल्लेबाज ब्रैथवेट और कैम्पबेल के अलावा मध्यक्रम में ब्रावो, होप और होल्डर के विकेट हासिल किए। इशांत शर्मा ने भी शमर ब्रूक्स, हेटमायर और केमार रोच को पवेलियन लौटाया। मोहम्मद शमी को दो विकेट मिले।
टेस्ट मैच जीतने में कोहली ने की धोनी की बराबरी
कोहली की कप्तानी में भारतीय टीम ने 47 टेस्ट में 27वीं जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही वे महेंद्र सिंह धोनी के साथ संयुक्त रूप से भारत के सबसे सफल कप्तान बन गए। धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम 60 में से 27 टेस्ट जीती थी।
कप्तान | कुल टेस्ट | कुल जीत |
विराट कोहली | 47 | 27 |
एमएस धोनी | 60 | 27 |
सौरव गांगुली | 49 | 21 |
मो. अजहरुद्दीन | 47 | 14 |
विदेशी जमीन पर जीत के मामले में भी कोहली भारत के सबसे सफल कप्तान बन गए हैं। उनकी कप्तानी में टीम विदेश में अब तक 12 टेस्ट जीत चुकी है। गांगुली का रिकॉर्ड विदेश में 11 जीत का था।
कप्तान | विदेश में टेस्ट | जीत |
विराट कोहली | 26 | 12 |
सौरव गांगुली | 28 | 11 |
एमएस धोनी | 30 | 06 |
राहुल द्रविड़ | 17 | 05 |
रनों के अंतर से भारत की चौथी सबसे बड़ी जीत
अंतर | बनाम | वेन्यू | साल |
337 | दक्षिण अफ्रीका | दिल्ली | 2015/16 |
321 | न्यूजीलैंड | इंदौर | 2016/17 |
320 | ऑस्ट्रेलिया | मोहाली | 2008/09 |
318 | वेस्टइंडीज | एंटीगुआ | 2019 |
304 | श्रीलंका | गॉल | 2017 |
भारत के खिलाफ वेस्टइंडीज का सबसे कम स्कोर
रन | वेन्यू | साल |
100 | नॉर्थ साउंड, एंटीगुआ | 2019 |
103 | किंग्सटन | 2006 |
108 | ग्रोस आइलेट | 2016 |
127 | दिल्ली | 1997/98 |
127 | हैदराबाद | 2018/19 |