नई दिल्ली: कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने गुरूवार को कहा कि 1984 में राजीव गांधी ने चुनाव में भारी बहुमत से जीत हासिल की थी लेकिन उन्होंने लोगों को धमकाने या भय का माहौल बनाने की कभी कोशिश नहीं की। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की 75वीं जयंती के मौके पर हुए कार्यक्रम में सोनिया ने कहा- पार्टी के सामने विकट चुनौतियां हैं। मगर बांटने वाली ताकत के खिलाफ वैचारिक संघर्ष जारी रहना चाहिए।
कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में राजीव गांधी ने अनेकता में एकता को बनाए रखने का संदेश दिया था। कांग्रेस, पूर्व प्रधानमंत्री की 75वीं जयंती को रिवाज के तौर पर पेश नहीं कर रही है बल्कि यह अवसर उनके मूल्यों को जीवंत बनाए रखने के प्रतीक के तौर पर है।
तकनीक से सामाजिक क्रांति लाई थी: सोनिया
सोनिया ने कहा कि राजीव गांधी आज भी हम सभी के दिल में बसते हैं। उन्होंने हमेशा देश को मजबूत, सुरक्षित और आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास किया। 18 साल के युवाओं को मतदान का अधिकार देने का निर्णय लिया। उन्होंने पंचायतों और नगरपालिकाओं को वैधानिक दर्जा प्रदान किया। दूरसंचार के क्षेत्र में क्रांति लाई थी। तकनीक का इस्तेमाल समाज को बदलने में किया था।
राहुल ने ट्वीट कर पिता को याद किया
इससे पहले, राहुल गांधी ने अपने पिता को याद करते हुए ट्वीट किया कि, “राजीव गांधी जी की उपलब्धियों में पंजाब, असम तथा मिजोरम के समझौते हैं, जिससे वर्षों की हिंसा और संघर्ष को खत्म करने में मदद मिली। इन समझौतों ने भारतीय संघ को मजबूत किया। यह आपसी सम्मान, समझदारी और शांतिपूर्ण सह-अस्तित्व की नींव पर निर्मित है।”