आस्ट्रेलिया में समुद्री अभ्यास ककाडू 2018 में 25 देशों के साथ अभ्यास करेगा भारत

नई दिल्ली:चीन के दावे वाले विवादास्पद समुद्री इलाके दक्षिण चीन सागर और प्रशांत सागर में चार महीने तक तैनात रहने के बाद भारतीय नौसेना का स्टील्थ युद्धपोत आईएनएस सह्याद्री आस्ट्रेलिया के नौसैनिक बंदरगाह डार्विन पहुंच गया है। यहां वह बहुराष्ट्रीय समुद्री अभ्यास ककाडू 2018 में भाग लेगा। दक्षिण चीन सागर और प्रशांत महासागर में तैनाती के दौरान सह्याद्री ने गुआम में मालाबार 2018 और हवाई में रिमपैक 2018 बहुराष्ट्रीय अभ्यास में भारतीय नौसेना का प्रतिनिधित्व किया था।
ककाडू 2018 में भारतीय नौसेना की भागीदारी से इसे क्षेत्रीय साझेदारों के साथ काम करने का बेहतर मौका मिलेगा। अभ्यास के दौरान समुद्र में विविध गतिविधियों से रूबरू होने का मौका मिलेगा। साथ ही भारतीय नौसेना को अपनी संचालन क्षमता विकसित करने में मदद मिलेगी।
बता दें कि 1993 से शुरू ककाडू अभ्यास रॉयल आस्ट्रेलियाई नौसेना द्वारा आयोजित और रॉयल आस्ट्रेलियाई वायु सेना द्वारा समर्थित एक महत्वपूर्ण बहुपक्षीय क्षेत्रीय समुद्री अभ्यास है। यह अभ्यास हर दो साल पर डार्विन और उत्तरी ऑस्ट्रेलियाई अभ्यास क्षेत्रों (एनएएक्सए) में आयोजित होता है। समुद्री अभ्यास का चौदहवां संस्करण ककाडू-2018 15 सितंबर तक चलेगा जिसमें 23 युद्धपोत, एक पनडुब्बी, 45 हवाई जहाज, 250 नौ सैनिक और लगभग 52 विदेशी कर्मचारी शामिल होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *