लोगों के दिमाग से खेल रही है भाजपा: अखिलेश

लखनऊ (ईमएस)। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा के लोग जनता के दिमाग से खेल रहे हैं। वे दिमागों में नकारात्मक विचार पहुंचा रहे हैं। भाजपा का गुमराह करने का तरीका भी बदल रहा है। यह बात समझनी जरूरी है कि भाजपा फिर भ्रम पैदा न कर सके। शनिवार को लखनऊ में पार्टी मुख्यालय में एकत्र कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जातिवाद का ज़हर घोल रही है। महिला उत्पीड़न के मामलों में बढ़ोतरी चिंता का विषय है। बच्चियां तक सुरक्षित नहीं हैं। बेरोजगारी और गरीबी बड़े पैमाने पर है। जनता को बुनियादी सुविधाएं तक नहीं मिल रही है। भ्रष्टाचार का बोलबाला है। जनता में निराशा है। किसानों का कर्ज माफ नहीं हुआ। नौजवान भटक रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति शिक्षित और सम्पन्न होगा तो अपना शौचालय स्वयं बना लेगा। जनगणना जाति आधारित हो तो आबादी के हिसाब से योजनाओं का लाभकारी आवंटन हो सकता है। अखिलेश ने कहा कि भाजपा के झूठे वादों की सच्चाई लोग जान गए हैं। अब सबकी उम्मीद वर्ष 2019 से ही बंधी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *