नई दिल्ली:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2019 पर आज दुनिया भर में योगाभ्यास के कार्यक्रम आयोजित किया जा रहे हैं। ‘योग फॉर हार्ट केयर’ की थीम पर इस बार आयोजित होने वाले पांचवें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर शहरों में ही नहीं बल्कि ग्रामीण इलाकों में भी आयोजन किए जा रहे हैं। इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने झारखंड में रांची के धुर्वा स्थित प्रभात तारा मैदान में राष्ट्रीय योग कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि वेलनस पर फोकस किया जाना जरूरी है। अस्वस्थ शरीर, टूटे हुए मन से सपने नहीं संजोये जा सकते हैं। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2019 के मौके पर देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित होने वाले शिविर में उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू समेत कई मंत्रियों की मौजूदगी में लाखों लोग योग करेंगे।
हाइलाइट्स-
08.20AM: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने राजपथ पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर भी मौजूद थे। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने संबोधन में कहा कि योग दिवस केवल एक आयोजन ही नहीं यह योग को जीवन का एक हिस्सा बनाने का तरीका है।
08.10AM: रांची में योगाभ्यास कार्यक्रम के समापन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों के बीच पहुंचे और उनसे मुलाकात की। इधर, दिल्ली स्थित दीनदयाल उपाध्याय पार्क में भाजपा के कार्यकारी अध्यक्ष ने योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
08.00 AM: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर, राज्यपाल आचार्य देवव्रत समेत अन्य लोगों ने शिमला में योग कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इससे पहले सभी ने कल कुल्लू बस दुर्घटना में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा। वहीं मुंबई स्थित गेटवे ऑफ इंडिया पर आयोजित कार्यक्रम में अभिनेत्री शिल्पा शेट्टी ने भाग लिया।
07.35AM: केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने हरियाणा के रोहतक में योगाभ्यास कार्यक्रम में शिरकत की। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी मौजूद रहे। वहीं दिल्ली के संसद भवन परिसर में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने सांसदों के साथ योगाभ्यास किया।
07.25AM:अंतरराष्ट्रीय योग दिवस (International Yoga Day) पर मुंबई में पश्चिमी नौसेना डॉकयार्ड में आईएनएस विराट (INS Virat) पर ऑन-बोर्ड योग का प्रदर्शन किया। वहीं दूसरी ओर छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित इलाके कोंडागांव में आईटीबीपी के जवानों ने योगाभ्यास किया।
07.15AM: प्रधानमंत्री ने कहा कि आज हमारे योग को दुनिया अपना रही है इसलिए हमें योग से जुड़ी रीसर्च पर जोर देना होगा। इसके लिए जरूरी है कि हम योग को किसी दायरे को बांध कर ना रखें। हम अपने अपने योग के ज्ञान को सॉफ्टवेयर की भांति अपडेट करें।
07.00AM: प्रधानमंत्री ने कहा कि आज के बदलते हुए समय में, बीमारियों से बचाव के साथ-साथ स्वास्थ्य पर हमारा ध्यान होना जरूरी है। यही शक्ति हमें योग से मिलती है, यही भावना योग की है, पुरातन भारतीय दर्शन की है। योग सिर्फ तभी नहीं होता जब हम आधा घंटा मैट पर होते हैं।