ग्वालियर: नशे में धुत रिटायर्ड नायब सूबेदार आधी रात को अपनी बेटी के कमरे में घुस गया। उसने बेटी के साथ गलत हरकत करने का प्रयास किया। पिता की इस हरकत का विरोध करते हुए बेटी बाहर मां के पास आई। यहां झगड़ा हुआ। इसके बाद फौजी अंदर से लाइसेंसी 12 बोर की बंदूक उठा लाया। उसके बंदूक लाते देख पत्नी ने बेटी को घर से बाहर भागने के लिए कहा। इसी समय उसने गोली चला दी।
किसी तरह सभी लोग बच गए। अभी कोई कुछ समझ पाता आरोपी ने पलक झपकते ही बंदूक लोड कर फायर कर दिया। इस बार दरवाजे तक पहुंची बेटी के सिर में छर्रे लगे और वह वहीं गिर पड़ी। फौजी तीसरी गोली चला पाता उससे पहले ही पत्नी उससे भिड़ गई। बंदूक छीनकर पड़ोसी के घर में बेटी को लेकर घुस गई। घटना सोमवार रात 2.30 बजे डीडी नगर जीएल सेक्टर की है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को हिरासत में ले लिया है। साथ ही घायल बेटी को जेएएच पहुंचाया है।
भिंड स्थित लहार निवासी 48 वर्षीय रमेश (परिवर्तित नाम) सेना में नायब सूबेदार था। 4 साल पहले वह रिटायर्ड हुआ। रिटायर्ड नायब सूबेदार के दो बेटी व एक बेटा है। बड़ी बेटी की शादी दो साल पहले हो चुकी है। छोटी बेटी 21 वर्षीय रानी (परिवर्तित नाम) ने इसी साल बीएससी पूरी की है। सोमवार रात उसने घर में पीना शुरू किया। पत्नी समझ गई थी कि वह हंगामा कर सकता है। बेटे को उन्होंने उसके दोस्त के घर भेज दिया। बेटी रानी अपने कमरे में सो रही थी। रिटायर्ड फौजी भी बाहर आकर सो गया।
रात 2.30 बजे नशे में धुत फौजी 21 वर्षीय बेटी के कमरे में पहुंचा। यहां उसका हाथ पकड़कर गलत हरकत का प्रयास किया। विरोध कर बेटी बाहर मां की तरफ शोर मचाते हुए आई। तभी उसकी मां को पूरी कहानी समझ में आ गई। गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर बंदूक पड़ोसी के घर उसकी पत्नी से जब्त कर ली है।