लंदन:वर्ल्ड कप के 20वें मैच में शनिवार को ओवल के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 87 रन से हरा दिया। श्रीलंका के खिलाफ वर्ल्ड कप में यह उसकी लगातार छठी जीत है। ऑस्ट्रेलिया पिछली बार 1996 में हारा था। इस जीत के साथ ही कंगारू टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर पहुंच गई। उसके पांच मैच में चार जीत के साथ आठ अंक हो गए। वह सिर्फ एक मुकाबला भारत के खिलाफ हारा है। अंक तालिका में टॉप पर पहुंचने की रेस में ऑस्ट्रेलिया ने न्यूजीलैंड और इंग्लैंड को पीछे छोड़ दिया।
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। ऑस्ट्रेलिया ने 50 ओवर में 7 विकेट पर 334 रन बनाए। उसके लिए कप्तान एरॉन फिंच ने 153 रन की पारी खेली। उन्होंने 132 गेंद की पारी में 15 चौके और पांच छक्के लगाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम 45.5 ओवर में 247 रन पर ऑलआउट हो गई। उसके लिए कप्तान दिमुथ करुणारत्ने ने 97 रन बनाए। ऑस्ट्रेलिया के मिशेल स्टार्क ने 4 विकेट लिए। श्रीलंका की यह वनडे में 417वीं हार है। उसने सबसे ज्यादा मैच हारने के मामले में भारत की बराबरी की।
300+ मैच हारने वाली टीमें
टीम | मैच | हार |
भारत | 968 | 417 |
श्रीलंका | 840 | 417 |
पाकिस्तान | 920 | 412 |
न्यूजीलैंड | 761 | 370 |
वेस्टइंडीज | 802 | 370 |
जिम्बाब्वे | 521 | 365 |
इंग्लैंड | 736 | 331 |
ऑस्ट्रेलिया | 937 | 324 |
श्रीलंका को बाकी बचे चारों मैच जीतने होंगे
श्रीलंका का यह टूर्नामेंट में पांचवां मुकाबला था। उसके दो मैच बारिश के कारण रद्द हो चुके हैं। वहीं, एक में उसे जीत मिली और दो में हार का सामना करना पड़ा। ऐसे में सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के उसे बाकी बचे चारों मैच में जीत हासिल करनी होगी।
करुणारत्ने-परेरा ने शतकीय साझेदारी की
इससे पहले कुसल परेरा 52 रन बनाकर आउट हुए। उन्हें मिशेल स्टार्क ने बोल्ड कर दिया। करुणारत्ने-परेरा ने पहले विकेट के लिए 115 रन की साझेदारी की। लहिरू थिरिमाने 16 रन बनाकर जेसन बेहरेनडॉर्फ की गेंद पर आउट हुए। एंजेलो मैथ्यूज नौ रन बनाकर पैट कमिंस की गेंद पर आउट हुए। मिलिंदा श्रीवर्धना (3), थिसारा परेरा (7), कुसल मेंडिस (30) को स्टार्क ने आउट किया। इसुरू उदाना (8) और लसिथ मलिंगा (1) को रिचर्डसन ने आउट किया। कमिंस ने प्रदीप (0) को पवेलियन भेजा।