महाराष्ट्र के दिग्गज कांग्रेसी नेता गुरुदास कामत का निधन

मुंबई। महाराष्ट्र में दिग्गज कांग्रेसी नेता व मनमोहन सरकार में मंत्री रहे गुरुदास कामत का आज तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। वे 63 वर्ष के थे। गुरुदास कामत काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्हें बीमारी के चलते दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन के बाद यूपीए अध्यक्ष सोनिया गांधी भी अस्पताल पुहंचीं हैं।
गुरुदास कामत ने दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित प्राइमस अस्पताल में अंतिम सांस ली। कामत ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी के महासचिव और कांग्रेस वर्किंग कमेटी के सदस्य रहे।
कामत को कांग्रेस ने गुजरात, राजस्थान, दादर एवं नगर हवेली, दमन और दीव का प्रभार भी सौंपा था। लेकिन 2017 में कामत ने सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। वह नॉर्थ वेस्ट मुंबई से 2014 तक सांसद भी रहे। उन्हें भारत सरकार की 15वीं लोकसभा के मंत्रिमंडल में संचार एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्यमंत्री बनाया गया था।
कामत ने मुंबई के आरए पोद्दार कॉलेज से स्नातक किया था। वह पेशे से वकील थे। उन्होंने 1972 में छात्र नेता के रूप में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। 1976 में उन्हें राष्ट्रीय छात्र संघ के मुंबई यूनिट का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था।
बुधवार को अंतिम सांस लेने से पहले उन्होंने सोशल नेटवर्किंग साइट ट्विटर पर देशवासियों को बकरीद की बधाई दी थी। बीमारी और जीवन के आखिरी पलों में भी गुरुदास पार्टी के लिए समर्पित रहे। वह पार्टी के हर कार्यक्रम में शिरकत अवश्य करते थे। गुरुदास जितना पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय थे, उतना ही सोशल नेटवर्किंग साइट पर भी सक्रिय थे। वह जिस भी कार्यक्रम का हिस्सा बनते थे उसकी तस्वीरों को सोशल मीडिया पर साझा करना नहीं भूलते थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *