सब बातें दिखावटी, वास्तव में भाजपा नहीं चाहती पिछड़ों का हो विकास : अखिलेश

लखनऊ (ईएमएस)। समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा साजिशों की पार्टी है। वह सिर्फ सत्ता के लिए ही पिछड़ों की बात करती है। एक बयान में उन्होंने कहा कि वास्तव में भाजपा पिछड़ों को और पिछड़ा बनाए रखने का षड़यंत्र कर रही है। भाजपा की राजनीति ‘बांटो और राज करो’ की है। यह पार्टी अलोकतांत्रिक कार्य कर रही है। समाजवादी पार्टी उसकी वैमनस्य की राजनीति का मुकाबला करने के लिए दृढ़संकल्प है। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा जनगणना के आधार पर सभी के लिए न्याय, अवसर, अधिकार और सम्मान की व्यवस्था होनी चाहिए। सपा अपनी सरकार बनने की स्थिति में सभी जातियों की आनुपातिक भागीदारी सुनिश्चित करने का काम करेगी। सामाजिक न्याय की अवधारणा को समाजवादी ही आगे बढ़ाएंगे क्योंकि वही इसके लिए संघर्षरत रही है।
उन्होंने कहा कि विकास देश के लोगों के काम आना चाहिए। गरीबी मिटनी चाहिए, बेकारी दूर हो और भुखमरी समाप्त हो। यही भाजपा से बुनियादी झगड़ा है। भाजपा ने देश को अनावश्यक मुद्दों पर उलझा दिया है। हमें भाजपा के बहकावे में नहीं आना है क्योंकि भाजपा के प्रचार में उलझ गए तो आने वाली पीढ़ियों का भविष्य बिगड़ जाएगा। अखिलेश ने कहा कि भाजपा सरकार के पास विकास का कोई स्पष्ट विजन नहीं है। प्रदेश में 60 हजार करोड़ रुपये के निवेश का बड़ा शोर मचा, लेकिन राज्य सरकार यह नहीं बताती कि किस बैंक ने कितना कर्ज दिया है। सच्चाई तो यह है कि राज्य सरकार ने किया कुछ नहीं है। वह अपने मजबूत प्रचारतंत्र के सहारे लोगों में विकास का भ्रम बनाए रखना चाहती है। उन्होंने कहा कि भाजपा की विकास विरोधी नीतियों के खिलाफ जनता का आक्रोश अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में फूटना तय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *