धाय धाय ‘पटाखा’ वाला युद्ध होने वाला है प्रारंभ, देखिए ट्रेलर

Publish Date:Wed, 15 Aug 2018 09:04 AM (IST)

मुंबई।विशाल भारद्वाज की फिल्म पटाखा चरण सिंह पथिक की लघुकथा ‘दो बहनें’ पर आधारित है। फिल्म का ट्रेलर तय तारीख और समय पर रिलीज कर दिया गया है। मतलब 15 अगस्त रात 12 बजे ट्रेलर रिलीज किया गया। पटाखा की कहानी दो बहनों के ईद-गिर्द है।

विशाल भारद्वाज ने अब तक अपनी कई फिल्मों में हीरो को विलेन से लड़ाया है, रिश्तों का उलझाव भी दिखाया है लेकिन इस बार वो उन दो बहनों की कहानी सुनाने जा रहे हैं जो एक दूसरे से दो-दो हाथ करने से कभी नहीं चूकतीं। दोनों एक-दूसरे को फूटी आंख नहीं सुहाती हैं। एक-दूसरे से बेइंतहा नफरत करती हैं। हद तो जब होती है, जब दोनों की शादी भी एक ही परिवार में दो भाइयों से हो जाती है। फिल्म के ट्रेलर में इसकी झलक साफ तौर पर देखी जा सकती है। फिल्म में अहम किरदार सुनील ग्रोवर का भी है जो समय-समय पर हर किरदार के साथ नजर आते हैं। ट्रेलर के आखिर में सुनील ग्रोवर बोलते हैं कि, अटल बिहारी बाजपेयी जी ने परवेज मुशरफ जी से 100 टके की बात कही थी आगरा में, हम अपने दुश्मन तो चुन सकते हैं पर पड़ोसी नहीं, रिश्ते तो चुन सकते हैं पर रिश्तेदार नहीं।

आपको बता दें कि, पटाखा का नाम पहले छुरियां था। फिल्म का पहला पोस्टर जब जारी किया गया है तब उसमें दो लड़कियां बुरी तरह लड़ रही हैं। ये फिल्म छुटकी और बड़की नाम की दो बहनों की कहानी है। कहानी के बैकड्राप राजस्थान का है। इस फिल्म में ‘मेरी आशिक़ी तुमसे ही’ फेम टीवी की लोकप्रिय स्टार राधिका मदान और दंगल वाली सान्या मल्होत्रा ने लीड रोल किया है। कॉमेडियन सुनील ग्रोवर और विजय राज की भी अहम् भूमिका है। विशाल लंबे समय से इस कॉमेडी ड्रामा को दर्शकों तक पहुंचाना चाहते थे। सुनील पहली बार विशाल के साथ काम कर रहे हैं जबकि विजय राज ने विशाल की फिल्म डेढ़ इश्किया में काम किया था। यह फिल्म इस साल अप्रैल में शुरू हुई और 28 सितंबर को रिलीज़ की जायेगी।

हाल ही में फिल्म से जुड़ा एक पोस्टर जारी किया गया था जिसमें सुनील ग्रोवर के लुक के बारे में जानकारी थी। जैसा कि सुनील ग्रोवर हमेशा महिला के रूप में दिखाई देते रहे हैं तो इस फिल्म में भी पोस्टर को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि, फिल्म में भी वे कुछ एेसा करते नजर आ सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *