सुरभि सलोनी/मुंबई। मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष तथा दक्षिण मुंबई लोकसभा के कांग्रेस प्रत्याशी मिलिंद देवड़ा ने प्रेस कान्फ्रेंस करके भाजपा/शिवसेना के संयुक्त उम्मीदवार व दक्षिण मुंबई के वर्तमान सांसद पर दर्ज आपऱाधिक मामलों का हवाला देते हुए उम्मीदवारी के लिए अयोग्य करार दिया। मिलिंद देवड़ा ने कहा कि दक्षिण मुंबई के वर्तमान सांसद अरविंद सावंत का संदेहास्पद आपराधिक रिकॉर्ड हैं।
आज़ाद मैदान स्थित मुंबई कांग्रेस के कार्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस के दौरान देवड़ा ने बताया कि सावंत पर दंगा करने, पुलिस अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार सहित 13 आले दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार आपराधिक रिकॉर्ड वाले प्रत्याशियों को नामांकन के बाद मतदान होने तक कम से कम तीन बार अखबारों में विज्ञापन दे कर अपने आपराधिक रिकॉर्ड का खुलासा करना होता है जबकि अबतक सावंत ने ऐसा नहीं किया है। देवड़ा ने कहा कि वे इस संबंध में चुनाव आयोग में भी शिकायत करेंगे।
देवड़ा ने सावंत के आपराधित रिकार्ड का ब्योरा देते हुए बताया कि उनके खिलाफ धारा 143- अवैध सभा का सदस्य, धारा 144-जानलेवा हथियारों के साथ अवैध सभा में शामिल होना, धारा 145- अवैध सभा को जारी रखना यह जानते हुए भी कि इसे तितर-बितर करने के आदेश दिए गए हैं, धारा 146- दंगे, धारा 147- दंगे के लिए सजा, धारा 149- आम उद्देश्य के अभ्यिोजन में अपराध किया गया, धारा 332- सरकारी कर्मचारी को उसका काम करने से रोकने के लिए स्वेच्छा से नुकसान पहुंचाया, धारा 341- अनुचित अवरोध के लिए सजा, धारा 353- सरकारी कर्मचारी के खिलाफ आपराधिक बल, धारा 427 – नुकसान करने वाली शरारत, महाराष्ट्र पुलिस कानून 37 (3), महाराष्ट्र पुलिस कानून 135, सरकारी संपत्ति के विरूपण का निवारण 3 (1) जैसे मामले हैं।
देवड़ा ने इस दौरान खुद को पाक-साफ बताते हुए स्वच्छ छवि के उम्मीदवार को सांसद चुनने की अपील की। साथ ही सवाल किया कि क्या वे संसद में उनका प्रतिनिधित्व करने के लिए ऐसे व्यक्ति को वोट देंगे जिसका आपराधिक रिकॉर्ड है, जोकि कानून के प्रति उसका अपमान दर्शाता है। क्या ऐसा व्यक्ति एक विधि निर्माता के तौर पर संसद में बैठ सकता है और सामाजिक रूप से सजग एवं आर्थिक तौर पर प्रतिष्ठित दक्षिण मुंबई निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व कर सकता है ?”
राहुल-प्रियंका आएंगे मुंबई!
देवड़ा ने बताया कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और महासचिव प्रियंका गांधी के मुंबई आने को लेकर उनकी चर्चा जारी है। उन्होंने कहा कि अभी राहुल-प्रियंका के मुंबई दौरे के कार्यक्रम की अंतिम रूप रेखा तय नहीं है। जानकारी के अनुसार राहुल-प्रियंका के मुंबई में चुनावी दौरे को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।