नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आप) और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर चल रहा शह-मात का खेल अब और दिलचस्प होता जा रहा है। दरअसल, एक तरफ जहां आप के वार्ताकार व राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने साफ कहा है कि गठबंधन के सभी प्रयास विफल हो चुके हैं।
दूसरी तरफ केजरीवाल का पिछले दिनों आया बयान कार्यकर्ताओं की उम्मीदें खत्म नहीं होने दे रहा है। इसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा को हराने के लिए वह कुछ भी करने को तैयार हैं। ऐसे में कांग्रेस और आप के कार्यकर्ता मान रहे हैं कि नाम वापसी के दिन तक गठबंधन की घोषणा हो सकती है।
कांग्रेस से गठबंधन को लेकर आप के नेताओं में बुधवार को भी गहमागहमी रही। पार्टी ने सुबह ही पार्टी कार्यालय में शाम चार बजे प्रेसवार्ता करने की सूचना दी थी। इसमें सांसद उदित राज का रिपोर्ट कार्ड जारी किया जाना था। लेकिन इस प्रेसवार्ता को निरस्त कर दिया गया। इससे माना जा रहा था कि पार्टी गठबंधन को लेकर शाम तक कोई फाइनल घोषणा करने वाली है। इसके बाद देर शाम आप के दिल्ली संयोजक गोपाल राय की मुख्यमंत्री केजरीवाल के साथ बैठक भी हुई। इसी बीच कुछ देर बाद आए संजय सिंह के बयान से सभी उम्मीदें धरी रह गई।
उन्होंने कहा कि आप अपने दम पर दिल्ली और हरियाणा में चुनाव लड़ेगी। हम भाजपा को रोकने के लिए कांग्रेस से गठबंधन करना चाहते थे, लेकिन कांग्रेस गठबंधन के मूड में नहीं है। सारे प्रयास के बावजूद कोई बात नहीं बनी। हरियाणा में 6-3-1 का फार्मूला दिया था यानी कांग्रेस छह, जननायक जनता पार्टी (जजपा ) को तीन और आप को एक सीट देने का फार्मूला दिया था। लेकिन कांग्रेस इस पर भी राजी नहीं है। गुलाम नबी आजाद और अहमद पटेल के साथ इस संबंध में बैठक हुई, लेकिन कोई नतीजा नहीं निकल सका। सिंह ने कहा कि हम दिल्ली में 4-3 के लिए भी राजी हो गए थे।
आप के प्रत्याशी आज से भरेंगे नामांकन
आप दिल्ली में गुरुवार से अपने प्रत्याशियों के नामांकन का कार्यक्रम शुरू करने जा रही है। इसमें पश्चिमी दिल्ली से आप के प्रत्याशी बलवीर सिंह जाखड़ दोपहर एक बजे अपना नामांकन भरेंगे। दोपहर को पश्चिमी दिल्ली से आप के प्रत्याशी एक रोड शो के माध्यम से नामांकन के लिए निकलेंगे। रोड शो में आप के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया, गोपाल राय के अलावा सभी विधायक और पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।
AAP गठबंधन के लिए तैयार लेकिन कांग्रेस नहीं करना चाहती कोई समझौताः संजय सिंह
Leave a comment
Leave a comment