नई दिल्ली: देशभर में मंगलवार को मौसम अचानक बदल गया। गुजरात, महाराष्ट्र, मध्यप्रदेश, राजस्थान, झारखंड, हिमाचल, हरियाणा और नई दिल्ली में बारिश, आंधी और बिजली गिरने से 35 लोगों की मौत हो गई। वहीं, 40 जख्मी हो गए। ज्यादा असर गुजरात, राजस्थान और मध्यप्रदेश पर पड़ा है। इन राज्यों में 28 लोगों की मौत हो गई। बारिश से इन राज्यों में तापमान 40 डिग्री से कम हो गया है। मौसम विभाग ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विभाग के महानिदेशक केजे रमेश ने बताया कि पाकिस्तान से आए पश्चिमी विक्षोभ और पिछले 3-4 दिनों से चल रही हीटवेव के चलते देश के पश्चिम-उत्तर हिस्से, मध्य क्षेत्र और विदर्भ और प.बंगाल तक तेज आंधी, गरज और बिजली तड़कने के साथ बारिश और ओले गिरे। यह स्थिति बुधवार शाम तक रहेगी। गुरुवार से फिर गर्मी बढ़ेगी। इस साल मध्य भारत से विदर्भ तक बार-बार हीटवेव चलेगी। हर छठे दिन आंधी और गरज के साथ बारिश होगी।
सबसे ज्यादा मौतें राजस्थान में
राज्य | मरने वालों की तादाद |
राजस्थान | 11 |
मध्यप्रदेश | 10 |
राजस्थान | 07 |
पंजाब | 02 |
हरियाणा | 01 |
झारखंड, महाराष्ट्र, उत्तरप्रदेश और हिमाचल | 04 (सभी राज्यों में एक-एक) |
गुजरात: मोदी की सभा के लिए बना पंडाल भी उड़ा
- गुजरात में 11 लोगों की मौत हो गई। राज्य के 33 में से 18 जिलों में बारिश हुई। पाटण, राजकोट, अरावल्ली, बनासकांठा, महेसाणा, अहमदाबाद, गांधीनगर, सुरेन्द्रनगर, मोरबी जिलों के विभिन्न हिस्सों में अचानक मौसम बदल गया। सबसे अधिक तीन मौतें महेसाणा में हुई हैं, जबकि दो-दो बनासकांठा और मोरबी जिलों में हुई। राजकोट के खाखराबेला में पेड़ गिरने से एक महिला की और साबरकांठा के चिंधमाल में बिजली का खंभा गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई।
- बनासकांठा जिले के आशिया व चाला गांव में और मोरबी जिले के तीथल और गीदज गांव में दो-दो लोगों की और अहमदाबाद के वीरमगाम में बिजली गिरने से एक महिला की मौत हो गई। सुरेन्द्रनगर, महेसाणा और वीजापुर में भी 3 की मौत हो गई।
मध्यप्रदेश: इंदौर में सबसे ज्यादा 3 मौतें
- मध्यप्रदेश में 10 लोगों की मौत हो गई। आसमानी बिजली गिरने से इंदौर में तीन, बदनावर में दो, खरगोन में एक, रतलाम एक, शाजापुर एक और श्योपुर में एक की मौत हुई। ग्वालियर में दिन का तापमान 11.5 डिग्री की गिरावट के साथ 30.1 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। यह पचमढ़ी के तापमान 33 डिग्री के मुकाबले तीन डिग्री कम था।
- मौसम विभाग के मुताबिक, अगले दो दिनों में उत्तर-पश्चिमी और पूर्वी मप्र में आंधी के साथ ही हल्की बारिश की स्थिति बन सकती है। भोपाल में बूंदाबांदी हो सकती है।
राजस्थान: 60 किमी की रफ्तार से चलीआंधी
- प्रदेश में मंगलवार को अचानक पलटे मौसम ने जमकर कहर बरपाया। अधिकांश शहरों में आंधी चली, बारिश हुई और ओले गिरे। पेड़ उखड़ गए। खंभे गिर गए। कच्चे
- मकानों की छतें उड़ गई, दीवारें गिर गई, टैंट-तंबू उड़ गए। बिजली घंटों गुल रही। हादसों में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 घायल हो गए।
- झालावाड़ के गणेशपुरा में कच्चा मकान ढहा, 2 बहनों की मौत। समरोल में बिजली गिरने से दो बच्चों की मौत। उदयपुर के सैलाना व राजसमंद के परावल में बिजली गिरने से 1-1 मौत। अलवर में टैंट गिरने से दुल्हन के चचेरे भाई की मौत, 14 घायल। हनुमानगढ़ के करनीसर में मकान ढहा, वृद्ध की जान गई। जयपुर के जमवारामगढ़ में दीवार ढहने से मीठालाल (36) की मौत।
हरियाणा: सिरसा में 3 मिमी बारिश दर्ज
प्रदेश में मंगलवार को तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सिरसा में 7 और हिसार में 3 एमएम बारिश दर्ज की गई। वहीं, ज्यादातर इलाकों में बूंदाबांदी हुई। इसके बाद दिनभर बादल छाए रहे। रात में भी आंधी चली। रेवाड़ी के गांव सुधराना में बिजली गिरने से खेत में काम कर रही 26 साल की पूनम की मौत हो गई। महिला का पति अमित और बेटा अनुज झुलस गए। आंधी बारिश से दिन का पारा 10 डिग्री तक गिरकर सामान्य से 5 डिग्री तक कम हो गया। करनाल में यह 40 डिग्री से 30 डिग्री पर आ गया। बुधवार को भी तेज आंधी और बारिश के आसार हैं।
पंजाब: 60 किमी की रफ्तार से चली आंधी, खेत में फसलें बिछीं, 2 की मौत
- पूरे पंजाब में मंगलवार देर रात 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से चली धूलभरी आंधी और तूफान से कई जिलों में हजारों एकड़ फसल को नुकसान हुआ।
- पंजाब के फरीदकोट, अबोहर, फाजिल्का, जालंधर, होशियारपुर, अमृतसर और गुरदासपुर में आंधी से सैकड़ों पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ और बिजली सप्लाई प्रभावित रही। फाजिल्का में आंधी से अब तक 2 की मौत हो चुकी है।
- बुधवार को बादल छाए रहने के आसार हैं। सोमवार को बारिश के बाद गर्मी से राहत मिली है। सबसे ज्यादा बारिश फरीदकोट में 10.2 मिमी दर्ज की गई । लुधियाना में 9.1 मिमी, बठिंडा में 8.6 व सबसे कम बारिश अमृतसर में 0.5 एमएम रिकॉर्ड हुई।