मुंबई। कबूतर खानों को महानगर पालिका द्वारा तोड़ने और कबूतरों को दाना डालने वालों पर लगाए जा रहे जुर्माने से लोग नाराज है। कबूतरखानों को बचाने और कबूतर को दाना देने पर जुर्माना लगाना बंद करने की मांग को लेकर बीजेपी के वरिष्ठ विधायक मंगल प्रभात लोढ़ा मनपा आयुक्त अजॉय मेहता से मिले। उन्होंने आयुक्त से दोनों मामलों पर तत्काल निर्णय लेकर रोक लगाने की मांग की है।उल्लेखनीय है कि पिछले कुछ समय से महानगर पालिका द्वारा मुंबई की शहर में पुराने कबूतरखानों को तोड़ा जा रहा है एवं कबूतरों को दाना डालने वाले लोगों पर 500 रुपये जुर्माना लगाया जा रहा है। गोलदेवल इलाके की जिस गली का नाम ही कबूतर गली है, उसके कबूतरखाने को भी मनपा द्वारा ध्वस्त कर दिया गया है। इस मामले को लेकर मनपा आयुक्त से मुलाकात में जैन शक्ति फाउंडेशन के अध्यक्ष कनक परमार एवं राष्ट्रीय जीव जंतु कल्याण बोर्ड के सदस्य गिरीश भाई भी विधायक लोढ़ा के साथ थे। विधायक लोढ़ा ने इस मामले में मनपा आयुक्त को एक ज्ञापन दिया एवं कहा कि कबूतरों को दाना डालना भारतीय परंपरा का हिस्सा है। पूरी दुनिया में सार्वजनिक स्थानों पर कबूतरों को दाना दिया जाता है। लेकिन मुंबई में महानगर पालिका द्वारा इसे रोका जाना भारतीय परंपराओं एवं धार्मिक मान्यताओं का अपमान है। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के आदेश के हवाले से कहा कि किसी भी आदेश में ऐसा कहीं नहीं है कि कबूतरों को दाना डालना बंद किया जाए या उसके लिए लोगों पर जुर्माना लगाया जाए। उन्होंने मुंबई के कबूतरखानों को चालू रखने एवं कबूतरों को दाना डालने पर जुर्माना लगाने की मनपा की कार्रवाई को भी रोकने की मांग की है। मनपा आयुक्त ने इस मामले पर ध्यान देकर कानून सम्मत उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।