नई दिल्ली:हॉकी इंडिया ने सोमवार को यहां ऑस्ट्रेलिया के ग्राहम रीड को भारतीय पुरुष हॉकी टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया है। रीड जल्द ही बेंगलुरू स्थित भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) में जारी कैम्प में भारतीय टीम से जुड़ेंगे। इस कैम्प के लिए 60 खिलाड़ियों का चयन किया गया है।
रीड ऑस्ट्रेलिया की पुरुष टीम के मुख्य कोच रह चुके हैं। उनके मार्गदर्शन में टीम ने 2012 में लगातार पांचवीं बार चैम्पियंस ट्रॉफी पर कब्जा किया था।
गौरतलब है कि पिछले साल भुवनेश्वर में हुए हॉकी विश्व कप के कुछ समय बाद हरेंद्र सिंह को भारत के मुख्य कोच के पद से बखार्स्त कर दिया गया था और तब से टीम को नए कोच की तलाश थी।
हॉकी इंडिया के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा, ”ग्राहम रीड एक बेहद सफल खिलाड़ी रहे हैं और उन्हें कोचिंग का भी बहुत अच्छा अनुभव है। वह ऑस्ट्रेलिया और नीदरलैंड की राष्ट्रीय टीमों के साथ काम कर चुके हैं। हमें उम्मीद है कि उनका अनुभव और विशेषज्ञता भारतीय पुरूष हाकी टीम को 2020 टोक्यो ओलंपिक और उससे पहले की प्रतियोगिताओं में अपेक्षित सफलताएं हासिल करने में मदद करेगी।”
इस अवसर पर रीड ने कहा, “भारतीय हॉकी टीम का मुख्य कोच बनना मेरे लिए गर्व और सम्मान की बात है। इस खेल में किसी टीम के इतिहास की तुलना भारत से नहीं की जा सकती। विपक्षी टीम के कोच के रूप में मैं भारतीय हॉकी का लुत्फ उठा चुका हूं। भारतीय टीम धीरे-धीरे दुनिया की सबसे खतरनाक टीमों में शुमार होती जा रही है।”
उन्होंने कहा, “मुझे भारतीय टीम की तेज और आक्रामक हॉकी पसंद है। यह ऑस्ट्रेलियाई अंदाज के काफी करीब है। मैं हॉकी इंडिया के साथ काम करने को लेकर उत्साहित हूं।”
रीड ने अपने करियर में 130 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले। वह 1992 बार्सिलोना ओलंपिक में रजत पदक जीतने वाली ऑस्ट्रेलियाई टीम का हिस्सा थे। दिग्गज रिक चार्ल्सवर्थ के शिष्य रीड पांच वर्षों तक ऑस्ट्रेलियाई टीम में उनके सहायक रहे और 2014 में मुख्य कोच बने थे।
वह 2016 रियो ओलंपिक में ऑस्ट्रेलिया के कोच थे लेकिन टीम के पदक नहीं जीत पाने के कारण उन्होंने त्यागपत्र दे दिया था। वह 2017 में अपने पूर्व क्लब एम्सटर्डम के मुख्य कोच और नीदरलैंड टीम के सहायक कोच बने थे। उन्होंने हालांकि इस महीने के शुरू में एम्सटर्डम कोच का पद छोड़ दिया था जिसके बाद उनके भारतीय टीम का कोच बनने की अटकलें लगाये जाने लगी थी।
ऑस्ट्रेलिया के ग्राहम रीड बने भारतीय हॉकी टीम के कोच
Leave a comment
Leave a comment