मुंबई। मुंबई में लोकसभा चुनावों के लिए कांग्रेस के सभी उम्मीदवार 8 अप्रैल, सोमवार को अपना-अपना पर्चा दाखिल करेंगे। इसके लिए सभी उम्मीदवारों ने अपने-अपने क्षेत्र के कार्यकर्ताओं से शामिल होने की बात कही है। कांग्रेस ने मुंबई में पांच उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं जबकि एक सीट एनसीपी के खाते में गई है। यहां राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी संजय दीना पाटिल को टिकट दिया है। पिछली बार भी पाटिल ही उम्मीदवार थे, उन्हें यहां भाजपा सांसद किरीट सोमैया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था।
जानकारी के अनुसार, कांग्रेस पार्टी की तरफ उत्तर मुंबई से चुनाव लड़ रही फिल्म अभिनेत्री उर्मिला मातोंडकर, उत्तर मध्य मुंबई से प्रिया दत्त एवं उत्तर पश्चिम मुंबई से संजय निरूपम सुबह 11 बजे बांद्रा कोर्ट में उम्मीदवारी का पर्चा भरेंगे। जबकि दक्षिण मुंबई से चुनाव मैदान में उतरे मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष मिलिंद देवड़ा तथा दक्षिण मध्य मुंबई से एकनाथ गायकवाड़ दोपहर 2 बजे नामांकन करेंगे। उर्मिला मातोंडकर, संजय निरूपम व प्रिया दत्ता बांद्रा स्थित कलेक्टर ऑफिस में नामांकन करेंगे जबकि मिलिंद देवड़ा व एकनाथ गायकवाड़ मुंबई स्थित ओल्ड कस्टम हाउस में यह प्रक्रिया पूरी करेंगे।
उल्लेखनीय है कि उत्तर मुंबई में उर्मिला मातोंडकर का मुकाबला भाजपा के वर्तमान सांसद गोपाल शेट्टी से तथा उत्तर मध्य मुंबई में प्रिया दत्त भाजपा के दिवंगत नेता प्रमोद महाजन की पुत्री व वर्तमान सांसद पूनम महाजन के खिलाफ एक बार फिर मैदान में हैं। वहीं उत्तर पश्चिम से संजय निरूपम शिवसेना सांसद गजानन कीर्तिकार मुकाबला करने मैदान में उतरे हैं तथा सपा-बसपा गठबंधन ने इस सीट से यूपी के वर्तमान विधायक सुभाष पासी को टिकट देकर मुकाबला त्रिकोणीय कर दिया है। कयास लगाए जा रहे हैं कि सुभाष पासी यहां काफी मजबूत टक्कर दे सकते हैं। दक्षिण मुंबई में मिलिंद देवड़ा भी शिवसेना के वर्तमान सांसद प्रमोद सावंत के खिलाफ दोबारा चुनाव मैदान में हैं तो वहीं दक्षिण मध्य मुंबई में एकनाथ गायकवाड़ की फिर से लड़ाई शिवसेना के राहुल शेवाळे से है। शेवाळे भी वर्तमान में सांसद हैं तथा उन्होंने 2014 में गायकवाड़ को इसी सीट पर पराजित किया था।
8 को नामांकन करेंगे कांग्रेसी उम्मीवार, प्रिया दत्त, संजय निरूपम, उर्मिला 11 बजे, मिलिंद व गायकवाड़ 2 बजे भरेंगे पर्चा
Leave a comment
Leave a comment