पंकज श्रीवास्तव/पटना। केंद्रीय मंत्री व बक्सर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा के उम्मीदवार अश्विनी चौबे पर चुनाव आयोग ने आचार संहिता उल्लंघन का मामला दर्ज किया है। उन पर आरोप है कि वे बक्सर किला मैदान में अपनी चुनावी रैली में चुनाव आयोग द्वारा तय गाड़ियों से अधिक गाड़ियों का काफिला लेकर पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, पार्टी से टिकट मिलने के बाद वो पहली बार अपने संसदीय क्षेत्र बक्सर पहुँचे थे। तय कार्यक्रमों के अनुसार अश्विनी कुमार चौबे को सबसे पहले ब्रह्मपुर स्थित ब्रह्मेश्वर नाथ मंदिर जाना था। पूजा-अर्चना के बाद बक्सर किला मैदान में सभा करनी थी। सभा के दौरान किला मैदान में अनुमति से अधिक गाड़ियों को देखकर बक्सर के सदर अनुमंडल पदाधिकारी कृष्ण कुमार उपाध्याय एंव एसडीपीओ सतीश कुमार ने इस संदर्भ में चौबे से जानना चाहा तो वो अधिकारियों पर आक्रोशित हो गये। इस दरम्यान उन्होंने अधिकारियों को ललकारा और आपत्तिजनक शब्द कहे। बाद में केंद्रीय मंत्री को उनके समर्थकों ने सम्भाला और वहाँ से निकला। इधर चौबे ने अपने संग बदसलूकी का आरोप लगाया गया है। वहीं दूसरी ओर मामले को लेकर प्रशासन द्वारा आचार संहिता का मामला दर्ज कराया जा रहा है।