अपनी पसंदीदा चीजें जरूर खाएं, लेकिन इस दौरान सेहत की चिंता भी करें। कैसे स्वाद और सेहत के बीच आप यह संतुलन बिठा सकती हैं, बता रही हैं राजलक्ष्मी त्रिपाठी
आपको चाइनीज व्यंजनों का फ्लेवर पसंद है। फ्रेंच खाने में मौजूद चीजी स्वाद आपको लुभाता है और इटैलियन खाना देखते ही आपके मुंह में पानी आ जाता है। ये स्वाद तो अच्छे हैं, पर जरूरत से ज्यादा या फिर नियमित रूप से इनका सेवन आपकी सेहत के लिए किसी भी तरह से फायदेमंद साबित नहीं हो सकता। तो क्या इसके लिए अपनी पसंद के खाने से दूरी बना लेना ही एकमात्र उपाय है? तो हमारा जवाब है, नहीं।
आप अपनी पसंद के खानपान का स्वाद ले सकती हैं और वह भी उसके साइड इफेक्ट से दूर रहते हुए। इसके लिए आपको अपनी पसंद की चीजों में से सेहतमंद चुनाव करना सीखना होगा।
अगर लें चाइनीज का स्वाद
चाइनीज खाने का फ्लेवर मुंह में पानी लाने वाला होता है। चाहे चिली पनीर हो, स्प्रिंग रोल हो या फिर शहद से सराबोर चिली पोटैटो। खाने में ये स्वादिष्ट तो लगते हैं, लेकिन इन्हें बनाते समय डीप फ्राई किया जाता है, जिसकी वजह से ये तेल में सराबोर होते हैं। ज्यादा मात्रा में मसालों और तेल का इस्तेमाल करने की वजह से ये सेहत के लिए ठीक नहीं होते हैं। अगर कुछ चाइनीज खाना ही है, तो सूप पिएं। ये स्वादिष्ट होने के साथ हेल्दी भी होते हैं। दरअसल, इन्हें बनाते समय सब्जियों, नूडल्स व चिकन आदि का इस्तेमाल किया जाता है। आप लेमन ग्रास और चिकन क्लियर सूप आदि में से अपनी पसंद का सेहतमंद सूप चुन सकती हैं। इसके अलावा आप भाप पर तैयार मोमोज, फ्राइड राइस और मंचूरियन खा सकती हैं।
लुभाता है इटैलियन खाना
चीज से भरा हुआ पिज्जा, पास्ता और गार्लिक ब्रेड खाने में स्वादिष्ट तो लगते हैं, पर सेहत का भी तो ख्याल रखना है! आसानी से हर जगह उपलब्ध होने वाले इस खाने के नियमित सेवन से वजन बढ़ने के साथ-साथ रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल बढ़ने जैसी समस्याओं का सामना भी आपको करना करना पड़ सकता है।
अगर कुछ इटैलियन खाना चाहती हैं, तो आप माइनस्ट्रोन सूप ले सकती हैं। इसमें सब्जियों के साथ पास्ता भी मिक्स होता है। यानी स्वाद और सेहत दोनों का तड़का। इसके साथ आप फ्राइड आलू की जगह बेक्ड आलू खा सकती हैं, लेकिन इसकी टॉपिंग मोजरेला चीज या क्रीम से करने से बचें। इसकी बजाय इसमें आप काली मिर्च पाउडर और नीबू का रस मिला सकती हैं। इसी तरह से अगर आपको पिज्जा खाने का मन हो रहा है, तो इसे भी आप हेल्दी बना सकती हैं। पिज्जा के लिए मैदा की बजाय आटे से बने हुए पिज्जा बेस का चुनाव करें और उसे बनाते समय मौसमी सब्जियों का भरपूर इस्तेमाल करें। पर इसमें चीज की मात्रा संतुलित रखें।
अंग्रेजी व्यंजनों का स्वाद
ब्रिटिश व्यंजनों का स्वाद अन्य यूरोपियन व्यंजनों से एकदम अलग होता है। इसे बनाने के लिए किसी खास किस्म के फ्लेवर का इस्तेमाल नहीं किया जाता है। अगर आप ब्रिटिश व्यंजनों का स्वाद लेना चाहती हैं, तो फिर इंग्लिश ब्रेकफास्ट से शुरुआत कर सकती हैं। इसमें टमाटर, बेक्ड बीन्स, ब्रेड, अंडे, मशरूम, स्वीट कॉर्न, फ्रूट पुडिंग, पैनकेक और मसले हुए आलू होते हैं। लेकिन ब्रिटेन की मशहूर डिश फिश एंड चिप्स का सेवन करने से परहेज करें, क्योंकि यह वजन बढ़ाने वाली है। इसके अलावा ज्यादा मात्रा में डीप फ्राइड चीजों और क्रीम में लिपटी हुई चॉकलेट खाने से भी परहेज करें।
सेहत से भरे लेबनीज व्यंजन
अब बात करते हैं लेबनीज खाने की। ज्यादातर यह कच्चा होता है, जिसकी वजह से इसमें प्राकृतिक सुगंध और स्वाद मौजूद रहता है। अगर यह कहा जाए कि यह सेहत से भरपूर भोजनों में से एक है, तो गलत नहीं होगा, क्योंकि इसमें ऑलिव ऑयल, काबुली मटर, तिल का तेल और हरी सब्जियों का भरपूर मात्रा में इस्तेमाल किया जाता है। बिना तेल और मसाले का यह सादा भोजन होता है। आप लेबनीज व्यंजनों में से हरी सब्जियों का सलाद, दही का सलाद, दाल का सूप, वेज या नॉनवेज टैंगाइन आदि खा सकती हैं।
फ्रेंच खाना देखते ही हो जाए प्यार
फ्रेंच डिश देखने में इतनी आकर्षक होती हैं कि उन्हें देखते ही मुंह में पानी आने लगता है। फिर चाहे वह फ्रेंच अनियन सूप हो या फिर मुंह में घुल जाने वाली पेस्ट्रीज, सब स्वाद से भरपूर होती हैं। अगर आप नॉनवेज हैं, तो फिर अपने फे्रंच खाने की शुरुआत निकोइस सलाद से कर सकती हैं। इसमें प्रोटीन, पोटैशियम और सेहत से भरपूर मोनो सेचुरेटेड फैट प्रचुर मात्रा में होतेे हैं। अगर आपको नॉनवेज पसंद नहीं है, तो फिर आप रैटाटोइल से शुरुआत कर सकती हैं। इस रेसिपी को बनाने में सब्जियों के साथ अलग-अलग तरह के हर्ब्स का इस्तेमाल किया जाता है, जो सेहतमंद होने के साथ स्वादिष्ट भी होता है।
स्वाद और सेहत के बीच ऐसे बनाएं संतुलन
Leave a comment
Leave a comment