नई दिल्ली: भारत की सबसे तेज ट्रेन में ट्रायल के दौरान आई खराबी पर कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने निशाना साधा जिसपर रेल मंत्री पीयूष गोयल ने पलटवार किया है। पीयूष गोयल ने कहा कि ऐसा करके राहुल ट्रेन को बनाने में मेहनत करनेवाले भारतीयों को निशाने पर ले रहे हैं और उन्हें ऐसा करने के लिए शर्म आनी चाहिए। राहुल गांधी ने शनिवार को ट्वीट कर वंदे भारत ट्रेन और मेक इन इंडिया पर निशाना साधा था।
इससे पहले राहुल गांधी ने लिखा था, ‘मोदी जी, मैं सोचता हूं कि ‘मेक इन इंडिया’ पर गंभीरता से विचार किए जाने की जरूरत है। ज्यादातर लोगों का मानना है कि यह फेल हो चुका है। मैं आपको भरोसा दिलाना चाहता हूं कि हम कांग्रेस के लोग भी इस बारे में सोच रहे हैं कि ऐसा कैसे किया जा सकता है।’
वंदे भारत में आई थी खराबी
भारत की पहली सेमी-हाई स्पीड ट्रेन ‘वंदे भारत एक्सप्रेस’ में वाराणसी से दिल्ली लौटते वक्त शनिवार को कुछ परेशानी हुई थी। बताया गया था कि दिक्कत सुबह छह बजे उत्तर प्रदेश में टूंडला जंक्शन से करीब 15 किलोमीटर दूर पर आई थी। रेलवे के मुताबिक, किसी मवेशी के सामने आने की वजह से पहिया फिसल गया था।