नई दिल्ली:एक बार फिर मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा के साथ कांग्रेस पर भी हमला बोला है। केजरीवाल ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव के बाद मोदी और राहुल गांधी दोनों में से कोई भी प्रधानमंत्री नहीं बनेगा। उन्होंने कहा 2019 के चुनाव में कोई और ही प्रधानमंत्री बनेगा। उन्होंने कहा कि देश का संविधान और लोकतंत्र खतरे में उसे बचाने के लिए हम सब को मिलकर लड़ना होगा। मुख्यमंत्री शास्त्री पार्क में फ्लाईओवर के उद्घाटन मौके पर बोल रहे थे।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने रविवार को लोक निर्माण मंत्री सतेंद्र जैन की मौजूदगी में दोनों फ्लाईओवर का शिलान्यास किया। इससे शास्त्री पार्क चौक और सीलमपुर फ्लाईओवर पर लगने वाला जाम खत्म हो जाएगा। दोनों फ्लाईओवर की अनुमानित लागत 303.31 करोड़ रुपये है। केजरीवाल ने कहा कि दोनों फ्लाईओवर बनने के बाद आईएसबीटी से शाहदरा तक सिग्नल फ्री कॉरिडोर बनेगा। इससे कश्मीरी गेट से पूर्वी दिल्ली की आवाजाही आसान होगी।
इस दौरान उन्होंने जनता से अपील की है कि वह इस बार लोकसभा चुनाव में दिल्ली की सातों सीट पर ‘आप’ को जिताएं, ताकि विकास के कामों में तेजी लाई जा सके। उद्घाटन के मौके मंत्री सतेंद्र जैन के अलावा आम आधमी पार्टी के उत्तर पूर्वी लोकसभा प्रभारी दिलीप पांडेय भी मौजूद रहे।
‘आप’ के नेतृत्व में जुटेगा विपक्ष
कोलकाता के बाद विपक्षी दल एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ दिल्ली में हुंकार भरेंगे। बुधवार को जंतर-मंतर पर तानाशाही हटाओ-लोकतंत्र बचाओ रैली का आयोजन होने जा रहा है। इस रैली की जिम्मेदारी ‘आप’ संभाल रही है। गैर विपक्षी दलों को एक मंच पर लाने के लिए प. बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने मोर्चा संभाला हुआ है। हालांकि कांग्रेस इसमें शामिल होगी या नहीं इसे लकर असमंजस बरकरार है। केंद्र सरकार के खिलाफ विपक्षी एकता को साबित करने के लिए ‘आप’, टीडीपी, टीएमसी ने रैली में शामिल होने को लेकर अपनी हामी भर दी है। ‘आप’ ने रैली को सफल बनाने के लिए अपने सभी विधायकों को निर्देश जारी किया है। ‘आप’ नेताओं से जब इस बारे में बात की गई तो उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी विपक्षी दलों को एक साथ लाने को लेकर काम कर रही हैं।