नई दिल्ली:देशभर के कई इलाकों में गुरुवार को जमकर बारिश (Rainfall) हुई। दिल्ली, फरीदाबाद, पंजाब, हरियाणा आदि में बारिश की वजह से मौसम के मिजाज में बदलाव आया। वहीं, फरीदाबाद में ओले पड़े। बूंदाबांदी के चलते एक दिन पहले के मुकाबले अधिकतम तापमान फरीदाबाद में दो डिग्री और न्यूनतम तापमान करीब आठ डिग्री नीचे गिर गया था। वहीं दोपहर बाद मौसम ने फिर से करवट ली और तेज बारिश के साथ ओले पड़े। करीब आधे घंटे तक हुई ओलावृष्टि और बारिश के बाद तापमान और ज्यादा ठंड महसूस की गई।
पंजाब में मोहाली, अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, गुरुदासपुर, पठानकोट और जालंधर में बारिश हुई। चंडीगढ़ में भी गुरुवार सुबह भारी बारिश हुई और काले बादल छाए रहे जिसकी वजह से दृश्यता घट गई। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि हरियाणा के अंबाला, पंचकूला और करनाल उन कुछ जगहों में शामिल हैं जहां बारिश हुई। उन्होंने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मौसम में यह बदलाव आया है। मौसम विभाग के अधिकारी ने कहा कि अधिकतम तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है और केंद्र शासित चंडीगढ़ में यह 14 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में शुक्रवार तक और बारिश का पुर्वानुमान व्यक्त किया है।
हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में बारिश
हिमाचल प्रदेश में पिछले 24 घंटे में व्यापक बारिश हुई और सर्वाधिक वर्षा चम्बा जिले में हुई। यह जानकारी मौसम विज्ञान विभाग ने बृहस्पतिवार को दी। विभाग ने राज्य में शुक्रवार तक भारी हिमपात और बारिश का अनुमान जताया है। विभाग ने बताया कि चम्बा में 47 मिमी वर्षा हुई जबकि धर्मशाला में 42.8 मिमी, पालमपुर में 34 मिमी, कांगड़ा में 25.7 मिमी और उना में 21.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।
मौसम विभाग ने कहा कि मनाली में 14 मिमी और डलहौजी में आठ मिमी वर्षा हुई। इसने कहा कि लाहौल एवं स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग राज्य का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है जहां न्यूनतम तापमान शून्य से 7.6 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, कल्पा न्यूनतम तापमान शून्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस कम, डलहौजी का शून्य से 0.2 डिग्री सेल्सियस कम, कुफरी का शून्य डिग्री सेल्सियस, मनाली का 0.4 डिग्री सेल्सियस और शिमला का न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस मापा गया।
उत्तराखंड में ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी
उत्तराखंड के ऊंचाई उंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश होने से प्रदेश के ज्यादातर इलाके फिर कड़ाके की ठंड की चपेट में आ गये हैं। प्रदेश के उच्च हिमालयी क्षेत्रों जैसे बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री, यमुनोत्री, हेमकुंड साहिब, नंदादेवी राष्ट्रीय पार्क, औली, मुनस्यारी सहित चमोली, उत्तरकाशी, पिथौरागढ़ और रूद्रप्रयाग जिलों के अंदरूनी हिस्सों में ताजा बर्फबारी शुरू हो गई है। उत्तराखंड के कम ऊंचाई वाले क्षेत्रों तथा मैदानी इलाकों में बारिश हो रही है जिससे मौसम में कंपकंपी और ठिठुरन बढ़ गयी है।